Wednesday , March 4 2026 8:50 PM
Home / Uncategorized / कोलकाता के बगल में पाकिस्तानी, चिकन नेक के पास चीन… यूनुस ने दिया रास्ता, बांग्लादेश ने भारत के लिए खड़ी की मुश्किल

कोलकाता के बगल में पाकिस्तानी, चिकन नेक के पास चीन… यूनुस ने दिया रास्ता, बांग्लादेश ने भारत के लिए खड़ी की मुश्किल


बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने चीन को मोंगला बंदरगाह पर और पाकिस्तान को ललमोनिरहाट हवाई अड्डे पर जगह दे दी है। चीन और पाकिस्तान की बांग्लादेश में दखल से भारत के लिए चिंता बढ़ रही है। यूनुस ने चीन और पाकिस्तान के साथ अपने संबंध मजबूत किए हैं।
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने और मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अतंरिम सरकार बनने के बाद पूरे क्षेत्र की स्थिति में बदलाव आ रहा है। यूनुस ने सत्ता संभालने के बाद लगातार ऐसे फैसले लिए हैं, जो बांग्लादेश को चीन और पाकिस्तान के करीब लाते हैं। वहीं भारत के लिए मुश्किल पैदा करते हैं। यूनुस ने हाल ही पाकिस्तान को हासिमारा एयर फोर्स स्टेशन से महज 120 किलोमीटर पर आने की इजाजत दी है। यूनुस ने चीन को मोंगला बंदरगाह को संवारने का काम दे दिया है। बांग्लादेशी वायु सेना के अधिकारी पाकिस्तान में JF-17 लड़ाकू विमानों की ट्रेनिंग लेने जा रहे हैं। ये सब निश्चित तौर पर भारत की चिंता को बढ़ाता है।
टेलीग्राफ इंडिया की रिपोर्ट के मुतााबिक, बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने कई ऐसे फैसले लिए हैं, जिससे भारत की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती है। यूनुस ने चीन को कलकत्ता के नजदीक मोंगला बंदरगाह तक आने की अनुमति दे दी है। यह बंदरगाह कोलकाता से 180 किलोमीटर दूर है। भारत वर्षों से हिंद महासागर में चीन के प्रभाव को रोकने का प्रयास करता रहा है लेकिन आखिरकार चीनी इसमें सफल हो गए हैं। अब चीनी कोलकाता के नजदीक हैं, जो भारत की फिक्र बढ़ाता है।