
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अपने एक गलत फैसले के लिए महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से माफी मांगी है। बोरिस जॉनसन ने संसद को निलंबित करवाने के अपने फैसले को लेकर माफी मांगी है। इस सप्ताह ब्रिटेन सुप्रीम कोर्ट ने भी जॉनसन के निर्णय के खिलाफ फैसला सुनाया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अदालत के फैसले के तुरंत बाद बोरिस जॉनसन ने महारानी को फोन करके माफी मांगी थी।
ब्रिटेन के सुप्रीम कोर्ट ने पीएम के इस फैसले को अवैधानिक बताया था। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद प्रधानमंत्री और महारानी के बीच भरोसे पर सवाल खड़े हो गए थे। रॉयल पैलेस के एक सूत्र ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री डेविड कैमरन की तरह बोरिस ने भी विश्वास खो दिया है। कैमरन पर आरोप था कि उन्होंने महारानी के साथ हुई बातों को सार्वजनिक कर दिया था। बता दें कि बोरिस जॉनसन ने पांच हफ्ते के लिए संसद को निलंबित करने का फैसला लिया था। इसके बाद विपक्ष के नेताओं समेत उनकी पार्टी के भी कुछ नेताओं ने इस फैसले का विरोध किया था।
इस झटके के बाद बोरिस जॉनसन खुद को सही दिखाने की कोशिश में हैं और वह ब्रेक्जिट के लिए प्रतिबद्धता दिखा रहे हैं। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने कहा कि वह ब्रसेल्स के साथ किसी करार के साथ या करार के बगैर ब्रिटेन को अगले महीने यूरोपीय संघ (ईयू) से बाहर निकाल लेंगे। जॉनसन ने रविवार को अपनी कंजर्वेटिव पार्टी के सांसदों को इकट्ठा किया है। यह चुनाव से पहले पार्टी का अंतिम सम्मेलन हो सकता है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website