Tuesday , March 10 2026 8:50 PM
Home / Uncategorized / भारत-मॉरीशस रिश्तों में नया अध्याय ! PM मोदी ने 8 अहम समझौतों पर किए हस्ताक्षर, मॉरीशस को दी 5 बड़ी “सौगात”

भारत-मॉरीशस रिश्तों में नया अध्याय ! PM मोदी ने 8 अहम समझौतों पर किए हस्ताक्षर, मॉरीशस को दी 5 बड़ी “सौगात”


भारत और मॉरीशस के बीच संबंधों को और मजबूत करते हुए दोनों देशों ने अपने सहयोग को ‘विस्तारित रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा दिया है। इसके तहत व्यापार, समुद्री सुरक्षा और डिजिटल भुगतान समेत आठ प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘ग्लोबल साउथ’ के विकास के लिए एक नई नीति की घोषणा की, जिसे “महासागर” (Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions – OCEAN) नाम दिया गया।
मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस पर पीएम मोदी का संबोधन – प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी दो दिवसीय मॉरीशस यात्रा के दौरान राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी, भारतीय नौसेना का युद्धपोत और भारतीय वायुसेना की ‘स्काईडाइविंग’ टीम भी इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनी। पीएम मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने समुद्री सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर सहमति जताई। भारत, मॉरीशस के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) की सुरक्षा के लिए हरसंभव सहयोग देगा। साथ ही, मॉरीशस में पुलिस अकादमी और राष्ट्रीय समुद्री सूचना साझा केंद्र स्थापित करने में मदद करेगा।
चागोस द्वीप विवाद पर भारत ने दिया मॉरीशस का साथ – भारत ने चागोस द्वीपसमूह पर मॉरीशस की संप्रभुता के प्रति समर्थन जताया। यह द्वीपसमूह 1965 में ब्रिटेन द्वारा मॉरीशस से अलग कर दिया गया था, लेकिन मॉरीशस अब भी इसे अपना हिस्सा मानता है। भारत ने इस मुद्दे पर मॉरीशस के साथ खड़े रहने का वादा किया है।
PM मोदी का मॉरीशस को बड़ी सौगातों का ऐलान – मॉरीशस में नया संसद भवन बनेगा जिसे भारत सहयोग से तैयार करेगा।
100 किलोमीटर लंबी जल पाइपलाइन परियोजना का आधुनिकीकरण होगा।
50 करोड़ मॉरीशस रुपये की सामुदायिक विकास परियोजनाएं शुरू होंगी।
UPI और रुपे कार्ड के जरिए डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा मिलेगा।
अटल बिहारी वाजपेयी लोक सेवा एवं नवाचार संस्थान” का उद्घाटन किया गया।
धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती – प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के लोगों के लिए भारत में चार धाम और रामायण यात्रा की विशेष सुविधाएं देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मॉरीशस और भारत के बीच संबंध सिर्फ रणनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक भी हैं। मॉरीशस में भारतीय समुदाय की मजबूत उपस्थिति के चलते दोनों देशों के संबंध ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ रहे हैं। पिछले एक दशक में भारत और मॉरीशस की साझेदारी ने नए आयाम हासिल किए हैं, और यह यात्रा इस कड़ी को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।