Monday , March 9 2026 8:38 PM
Home / Uncategorized / पोप फ्रांसिस रोम में ‘वे ऑफ द क्रॉस’ कार्यक्रम में नहीं होंगे शामिल, बताई यह वजह

पोप फ्रांसिस रोम में ‘वे ऑफ द क्रॉस’ कार्यक्रम में नहीं होंगे शामिल, बताई यह वजह


वेटिकन ने कहा है कि पोप फ्रांसिस रोम में बेहद ठंडे मौसम के कारण गुड फ्राइडे पर ‘वे ऑफ द क्रॉस’ कार्यक्रम की अध्यक्षता के लिए ‘कोलोसियम’ नहीं जाएंगे। पोप फ्रांसिस (86) हाल में ‘ब्रोंकाइटिस’ के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे।
वेटिकन ने कहा है कि ‘कोलोसियम’ में मशाल जुलूस की अध्यक्षता करने के बजाय, फ्रांसिस वेटिकन में अपने आवास से इसे देखेंगे। वेटिकन ने कहा कि पोप सेंट पीटर्स बेसिलिका में गुड फ्राइडे के उपलक्ष्य में प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। ‘ब्रोंकाइटिस’ के इलाज के लिए तीन दिन तक रोम के अस्पताल में रहने के बाद पोप को एक अप्रैल को छुट्टी मिली थी।
इससे पहले बृहस्पतिवार को पोप सेंट पीटर्स बेसिलिका में दो घंटे की प्रार्थना सभा में शामिल हुए और रोम में बाल गृह गए जहां प्रभु यीशु को याद करते हुए उन्होंने एक धार्मिक अनुष्ठान में 12 बच्चों के पैर धोए। रोम में इन दिनों वसंत का मौसम है लेकिन रात में तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है।
वेटिकन ने एक बयान में कहा, ‘‘ठंड के कारण पोप फ्रांसिस सेंटा मार्टा होटल से ‘वे ऑफ द क्रॉस’ कार्यक्रम देखेंगे जहां लोग ‘कोलोसियम’ में एकत्र होंगे।” जुलूस में आमतौर पर हजारों अनुयायी, पर्यटक और रोम निवासी शामिल होते हैं। जुलूस के अंत में पादरी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हैं।