Monday , February 9 2026 7:02 AM
Home / Sports / गर्भवती हुईं स्टार धाविका फ्रेजर, विश्व चैंपियनशिप से हटीं

गर्भवती हुईं स्टार धाविका फ्रेजर, विश्व चैंपियनशिप से हटीं


किंग्सटन: जमैका की स्टार धाविका और 100 मीटर की विश्व चैंपियन शैली एन फ्रेजर प्राइस ने अपने गर्भवती होने का खुलासा करते हुये अगस्त में लंदन में होने वाली विश्व चैंपियनशिप से हटने की घोषणा की है। दो बार की 100 मीटर ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और तीन बार की 100 मीटर विश्व चैंपियन फ्रेजर ने कहा है कि वह 2018 में विश्व चैंपियनशिप का फिर से हिस्सा बनेंगी।

30 वर्षीय प्राइस ने सोशल नेटवर्किंग साइट पर कहा कि मेरा पूरा ध्यान 2017 सत्र के लिये स्वस्थ और फिट रहना था तथा मैं लंदन में अपने खिताब का बचाव करने के लिये पूरी तरह से ध्यान केंद्रित कर रही थी। लेकिन जीवन में अचानक बदलाव आ गया।

जमैकन फर्राटा धाविका ने कहा कि ईश्वर ने मेरा जीवन दुआओं से भर दिया है। तो अब मैं दुनिया की सबसे अच्छी मां बनने की कोशिश कर रही हूं। मुझे जीवन का सबसे बड़ा तोहफा मिला है जिसका वादा ईश्वर ने मुझसे किया था। उन्होंने कहा कि मैं लेकिन अपने सफर को आगे बढ़ाऊंगी और 2018 में दोबारा से आपके साथ जुडूंगी तथा विश्व चैंपियनशिप के लिये फिर से 2018 में ट्रैक पर वापसी करूंगी।