
मलेशिया के निवेश, व्यापार एवं उद्योग उप मंत्री वाई बी ल्यू चिन तोंग ने बुधवार को कहा कि उन्हें 2025 के अंत तक आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते की समीक्षा के पूरा होने की उम्मीद है। ल्यू ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ इस साल मलेशिया आसियान का अध्यक्ष और आसियान-भारत व्यापार समझौते का समन्वयक है। हमें उम्मीद है कि इस साल के अंत तक व्यापार समझौते की समीक्षा को अंतिम रूप देने की हमारी आकांक्षाएं पूरी होंगी।” मलेशिया, आसियान के भीतर भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।
उसका 2023-24 के दौरान द्विपक्षीय व्यापार 20.02 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जो 10 देशों के इस समूह के साथ भारत के कुल व्यापार का करीब 17 प्रतिशत है। उन्होंने इस समझौते को एक ‘‘व्यापक खाके” के रूप में वर्णित किया जो 2011 से जारी मौजूदा मलेशिया-भारत आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ा सकता है। मंत्री ने दोनों देशों के उद्योगों के बीच सहयोग से रक्षा संबंधों को और गहरा बनाने की भी उम्मीद जाहिर की। ल्यू ने कहा, ‘‘ संपूर्ण उद्योग, साथ ही आईसीटी उद्योग तथा रक्षा कंपनियों की नई पीढ़ी प्रौद्योगिकी पर आधारित हो सकती है। रक्षा प्रौद्योगिकी महत्वपूर्ण है और हम एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने की आशा करते हैं।”
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website