
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को उनके जन्मदिन पर मंगलवार को बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को उनके जन्मदिन पर मंगलवार को बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।’ 9 दिसंबर 1946 को जन्मी गांधी लगभग दो दशकों तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं। वह इस पद पर सबसे लंबे समय तक रही पार्टी नेता हैं। उन्होंने 139 साल पुराने संगठन की बागडोर 2017 में अपने बेटे राहुल गांधी को सौंप दी थी।
सोमवार को कांग्रेस पर साधा था निशाना – सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने से एक दिन पहले पीएम मोदी ने लोकसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा के दौरान जमकर कांग्रेस और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के खिलाफ निशाना साधा था। पीएम मोदी ने सोमवार को लोकसभा में दावा किया कि जवाहरलाल नेहरू के कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए मुस्लिम लीग के दबाव में वंदे मातरम् के टुकड़े कर दिए गए। उन्होंने यह भी कहा, ‘कांग्रेस वंदे मातरम् के बंटवारे पर झुकी, इसलिए उसे एक दिन भारत के बंटवारे के लिए झुकना पड़ा।’
संविधान की पीठ पर छुरा घोंप दिया गयाः मोदी – मोदी ने सदन में ‘राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चर्चा’ की शुरुआत करते हुए 1975 में देश में लगाए गए आपातकाल का हवाला दिया और कहा कि जब राष्ट्रीय गीत के 100 वर्ष पूरे हुए, तब देश आपातकाल की जंजीरों में जकड़ा हुआ था और संविधान का गला घोंट दिया गया था। पीएम मोदी ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा, ‘जब आजादी को कुचलने की कोशिश हुई, संविधान की पीठ पर छुरा घोंप दिया गया और देश पर आपातकाल थोप दिया गया, तब इसी वंदे मातरम ने देश को खड़ा कर दिया।’
नेहरू को क्यों लिया आड़े हाथों – प्रधानमंत्री ने कहा कि जब मोहम्मद अली जिन्ना ने वंदे मातरम् के विरोध का नारा बुंलद किया तो तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष नेहरू ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को पत्र लिखा और उसमें जिन्ना की भावना से सहमति जताते हुए कहा, ‘वंदे मातरम की आनंद मठ की पृष्ठभूमि मुसलमानों को इरिटेट (क्षुब्ध) कर सकती है।’ उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने वंदे मातरम् पर समझौता कर लिया और इसके टुकड़े कर दिए और इसके लिए सामाजिक सद्भाव का हवाला दिया गया।
कांग्रेस ने मुस्लिम लीग के सामने घुटने टेक दिए – प्रधानमंत्री ने कहा, ‘वंदे मातरम के टुकड़े करने के फैसले में नकाब यह पहना गया कि यह तो सामाजिक सद्भाव का काम है। लेकिन, इतिहास इस बात का गवाह है कि कांग्रेस ने मुस्लिम लीग के सामने घुटने टेक दिए और मुस्लिम लीग के दबाव में यह किया गया। यह कांग्रेस का तुष्टीकरण की राजनीति को साधने का एक तरीका था।’ मोदी ने कहा, ‘दुर्भाग्य से कांग्रेस की नीतियां आज वैसी की वैसी ही हैं और आज आईएनसी चलते-चलते एमएमसी हो गया है।’
Home / Uncategorized / प्रधानमंत्री मोदी ने सोनिया गांधी को उनके 79वें जन्मदिन पर बधाई दी, कहा-ईश्वर दीर्घायु और स्वास्थ्य रखें
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website