Saturday , March 21 2026 10:47 PM
Home / News / पहली बार ‘ब्लाइंड डेट’ पर मिले थे प्रिंस हैरी और मेगन,19 मई को हो जाएंगे एक

पहली बार ‘ब्लाइंड डेट’ पर मिले थे प्रिंस हैरी और मेगन,19 मई को हो जाएंगे एक


लंदनः प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल जब पहली बार ‘ब्लाइंड डेट ’ पर मिले थे तब उन्हें इस बात का एहसास नहीं था कि यह साथ जीवनभर का रहने वाला है। पहली नजर में एक दूसरे को दिल दे बैठने के बाद अब बारी परिणय सूत्र में बंधने की है।
ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्य हैरी और अमेरिकी अभिनेत्री मेगन पहली मुलाकात के करीब दो साल बाद 19 मई को विंडसर कैसल में शादी करेंगे। जुलाई 2016 में जब मेगन लंदन से होकर गुजर रही थीं तो दोनों के एक दोस्त ने हैरी और मेगन की मुलाकात कराई थी। जोड़े ने बाद में खुलासा किया था कि अचानक हुई इस मुलाकात से पहले वे एक दूसरे के बारे में ज्यादा कुछ नहीं जानते थे। पहली मुलाकात के बाद उनके बीच नजदीकियां तेजी से बढीं और हैरी ने मेगन को शाही परिवार का सदस्य बनाने का फैसला कर लिया।
हैरी का कहना है कि मेरे ऊपर इतनी तेजी से मेगन का प्यार का जादू छाना इस बात की पुष्टि करता है कि कायनात मेरे प्यार के साथ है। सबकुछ शानदार है। ’’ वैसे इन दोनों का रिश्ता मीडिया की चकाचौंध से दूर ही रहा लेकिन जब वे सबके सामने आए तो छा गए। मेगन 34 साल की हैं और तीन साल पहले उनका तलाक हो चुका है जबकि हैरी 31 वर्ष के हैं और उनके नाकाम प्यार के कुछ किस्से हैं तथा उनका दस साल का सेना का कार्यकाल रहा है।
हैरी ने पहली मुलाकात याद करते हुए कहा कि जब वह कमरे में दाखिल हुए और उन्होंने मेगन को देखा तो यह उनके लिए सुंदर आश्चर्य था। हैरी ने कहा कि पूरे शाही परिवार ने उनके रिश्ते को पसंद किया और उन्हें सहयोग दिया। दोनों ने पिछले साल 27 नवंबर को अपने संबंधों की घोषणा की थी। वह एक दिसंबर को पहली बार हैरी के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आई थीं और उन्होंने क्रिसमस भी शाही परिवार के साथ ही मनाया था।