Tuesday , March 10 2026 10:08 PM
Home / Uncategorized / प्रधानमंत्री मोदी की राजकीय यात्रा से भारत-अमेरिका संबंधों का ‘नया साहसिक अध्याय’ खुलेगा: गार्सेटी

प्रधानमंत्री मोदी की राजकीय यात्रा से भारत-अमेरिका संबंधों का ‘नया साहसिक अध्याय’ खुलेगा: गार्सेटी


भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वाशिंगटन की राजकीय यात्रा इतिहास में दर्ज होगी क्योंकि इससे भारत-अमेरिका रणनीतिक संबंधों के ‘नए साहसिक अध्याय’ की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा का समापन शुक्रवार को किया और इससे पहले बृहस्पतिवार को उन्होंने राष्ट्रपति जो बाइडन से व्हाइट हाउस में वार्ता की थी।
इस दौरान दोनों देशों ने रणनीतिक संबंधों में लंबी छलांग लगाते हुए भारत में संयुक्त रूप से जेट इंजन निर्माण और सैन्य ड्रोन खरीदने सहित कई अहम समझौते किए थे। गार्सेटी ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘मेरा मानना है कि यह यात्रा इतिहास में दर्ज होगी क्योंकि इससे रिश्तों के नए पन्ने खुलेंगे और अमेरिका-भारत संबंधों के ‘नए साहसिक अध्याय’ की शुरुआत होगी। लॉस एंजिलिस के पूर्व महापौर और राष्ट्रपति बाइडन के करीबी माने जाने वाले गार्सेटी ने कहा कि यह दोनों देशों के बीच संबंधों से बढ़कर है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह मित्रता है, यह वास्तविक और गहरी है।” उन्होंने कहा कि यह यात्रा कई उम्मीदों से कहीं आगे निकल गई है, चाहे वह प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति बाइडन के बीच व्यक्तिगत संबंध हों, सरकारों के कार्यों की व्यापकता और गहराई हो, या फिर चाहे लोगों से लोगों के बीच संपर्क हो, कारोबारियों और सांस्कृतिक हस्तियों या रोजमर्रा में अमेरिकी और भारतीयों के संबंध हों।” उन्होंने कहा, ‘‘वास्तव में यह भविष्य के बारे में है और मेरा मानना है कि अमेरिका व भारत भविष्य हैं।
अगर यह संबंध गहरा होता है तो हम और मजबूत होंगे और रास्ता दिखाएंगे कि सभी के लिए दुनिया को कैसे और समृद्ध बनाया जा सकता है।” प्रधानमंत्री की यात्रा से निकले नतीजों के बारे में पूछे जाने पर 52 वर्षीय गार्सेटी ने चार ‘पी’ यानी पीस(शांति), प्रॉस्पेरिटी (समृद्धि), प्लैनेट (ग्रह) और पीपुल्स (लोग) को इंगित किया। उन्होंने कहा कि जब शांति, वास्तविक रक्षा और प्रौद्योगिकी साझा करने की बात आती है तो अमेरिका ने यह किया है, यहां तक अपने सबसे करीबी साझेदारों के साथ।