Saturday , March 21 2026 9:03 PM
Home / News / राजनयिकों के निष्कासन के मामले में रूस और ब्रिटेन में ठनी

राजनयिकों के निष्कासन के मामले में रूस और ब्रिटेन में ठनी


मॉस्को: रूसी डबल एजैंट सर्गेई स्क्रीपल और उसकी बेटी पर लंदन में रासायनिक गैस हमले के बाद विश्व के अनेक देशों में रूसी राजनयिकों को निष्कासित किए जाने के बाद रूसी विदेश मंत्रालय ने ब्रिटिश सरकार को साफ तौर पर कह दिया है कि वह अपने 50 प्रतिशत से अधिक राजनयिकों तथा तकनीकी स्टाफ को तत्काल यहां से वापस बुलाए।

विदेश मंत्रालय ने ब्रिटेन से यह स्पष्टीकरण भी मांगा है कि लंदन में रूसी एयरलाइंस के यात्री विमान की जांच क्यों की गई थी और इस तरह की कार्रवाई का अधिकार उसके पास भी है। इसके अलावा रूसी नागरिकों को ब्रिटेन की यात्रा पर जाने से पहले सावधानी बरते जाने की सलाह देते हुए कहा गया कि वहां उनके साथ काफी बुरा बर्ताव हो सकता है। इस बीच रूस ने कहा है कि यह पश्चिमी देशों की साजिश है कि वे रूस को राजनयिक स्तर पर अलग-थलग करना चाहते हैं।

रूसी राजनयिक अमरीका से लौटे, अमरीकी राजनयिकों ने भी सामान बांधे
अमरीका से निष्कासित किए गए रूसी राजनयिकों ने अपने दूतावास छोड़ दिए हैं और स्वदेश रवाना हो गए। बी.बी.सी. ने रविवार को यह जानकारी दी। इन राजनयिकों को ले जाने के लिए वाशिंगटन डी.सी. के डुल्लेस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 2 विमान तैयार खड़े थे और सभी राजनयिक अपने परिजनों के साथ इनमें स्वदेश के लिए रवाना हो गए। बाद में उनका विमान शाम को मॉस्को में उतर गया।

वहीं रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की 60 अमरीकी राजदूतों के निष्कासन की घोषणा के बाद से सेंट पीट्सबर्ग में भी अमरीकी दूतावास के पास ट्रकों की आवाजाही चल रही है और दूतावास पर अमरीकी ध्वज झुका हुआ है। इंटरफैक्स न्यूज एजैंसी ने बताया कि दूतावास के कर्मचारियों को यहां से जाने के लिए रात के 10 बजे तक का समय दिया गया है। वहीं यहां रहने वाले लोगों को अप्रैल के अंत तक का समय जगह खाली करने के लिए दिया गया है।