
रूस की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी अवटोवाज सितंबर से अपने कर्मचारियों के लिए सप्ताह में चार दिन काम करने की योजना बना रही है। यह कदम कंपनी की बिक्री में गिरावट और चीनी प्रतिस्पर्धा के कारण उठाया जा रहा है। ऊंची ब्याज दरों और अर्थव्यवस्था में मंदी की आशंका ने भी कंपनी के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।
रूस की सबसे बड़ी कार बनाने वाली कंपनी अवटोवाज (Avtovaz) सितंबर से बड़ा फेरबदल करने वाली है। कंपनी अपने कार्य सप्ताह को पांच से घटाकर चार दिन करने पर विचार कर रही है। अवटोवाज अपनी लाडा कारों के लिए जानी जाती है। यह राज्य-स्वामित्व वाले प्रमुख नियोक्ता के लिए असामान्य कदम है। ऊंची ब्याज दर और चीनी प्रतिस्पर्धियों से बढ़ती चुनौती के कारण बिक्री में गिरावट के चलते ऐसा बड़ा कदम उठाना पड़ रहा है। कंपनी के वाहनों की बिक्री इस साल के पहले छह महीनों में 25% गिर गई है। इसके लिए अवाटोवाज ने केंद्रीय बैंक की ऊंची ब्याज दरों को जिम्मेदार ठहराया है। इससे कार लोन की मांग घटती है। वहीं, उत्पादन लागत बढ़ती है। रूस की अर्थव्यवस्था में धीमी ग्रोथ और मंदी की आशंका के बीच यह स्थिति सामने आई है।
यूक्रेन युद्ध पर भारी रक्षा खर्च के दो साल बाद अर्थव्यवस्था पर यह गंभीर असर का संकेत है। इसके अलावा, रूस के बाजार में बड़ी संख्या में आयातित चीनी कारों की ‘प्राइस डंपिंग’ भी अवटोवाज के लिए बड़ी समस्या बन गई है। अब चीनी वाहन रूस में 50% से ज्यादा बिक्री पर कब्जा कर चुके हैं। अवटोवाज टॉल्याट्टी शहर में 30,000 से अधिक लोगों को रोजगार देती है। इस कारण यह कंपनी आर्थिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार ने पहले भी कंपनी को दिवालिया होने से बचाने के लिए वित्तीय सहायता दी है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website