
महान बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर ने अपने कवर ड्राइव और स्ट्रेट ड्राइव से न जाने कितनी बार अपने फैन्स और विरोधी टीमों को हैरान किया होगा। लेकिन इस बार कार ड्राइव के एक मामले में मास्टर ब्लास्टर खुद ही हैरान रह गए। सचिन ने अपने टि्वटर अकाउंट पर एक विडियो पोस्ट किया है, जिसमें उनकी कार खुद चलकर गैराज में पार्क हो रही है। यह देखकर सचिन भी हैरान हैं कि कहीं उनकी इस कार को अनिल कपूर मिस्टर इंडिया बनकर तो नहीं चला रहे।
41 सेंकड के इस विडियो में सचिन ड्राइविंग सीट के साथ वाली सीट पर बैठे हुए हैं, जबकि ड्राइविंग सीट पर कोई भी नहीं है। सचिन की यह आधुनिक तकनीक से लेस सेल्फ ड्राइविंग कार है, जो खुद से स्टार्ट होकर गैराज में पार्क होने जा रही है।
सचिन इस विडियो में बता रहे हैं कि देखिए मेरी कार में ड्राइविंग सीट पर कोई नहीं बैठा है और अब यह कैसे खुद-ब-खुद स्टार्ट हो चुकी है और अब खुद से पार्क भी हो जाएगी और समय रहते खुद से ब्रेक लगाकर रुक भी जाएगी। सचिन ने कहा कि ऐसा लग रहा है मानों मेरी कार को मिस्टर इंडिया चला रहे हैं। सचिन ने मिस्टर इंडिया मूवी में मिस्टर इंडिया की भूमिका निभाने वाले अनिल कपूर को भी यह विडियो टैग किया है।
इन्हीं शब्दों को सचिन ने अपना यह विडियो पोस्ट करते हुए ट्वीट में लिखे हैं। इसके साथ ही मास्टर ब्लास्टर ने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि बाकी का सप्ताह भी दोस्तों के साथ इतना ही मजेदार होगा।’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website