
दुबई। लेग स्पिनर यासिर शाह की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान ने यहां दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन मंगलवार को न्यूजीलैंड को पारी और 16 रन से हरा दिया। इसी के साथ पाकिस्तान ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। मैन ऑफ द मैच यासिर ने इस मैच में 184 रन देकर कुल 14 विकेट अपने नाम किए।
पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी पांच विकेट के नुकसान पर 418 रन पर घोषित कर दी थी। यासिर ने आठ विकेट लेकर किवी टीम को पहली पारी में 90 रन पर ही पवेलियन भेज दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने मेहमान टीम को फॉलोऑन दिया और किवी टीम इस पारी में पाकिस्तान के स्कोर को पार नहीं कर सकी तथा 312 रन पर ढेर होकर मैच हार गई।
इस पारी में यासिर ने छह विकेट लिए। यह पाकिस्तान के किसी भी स्पिन गेंदबाज द्वारा टेस्ट में किया गया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वहीं किसी भी पाकिस्तानी गेंदबाज द्वारा टेस्ट में किया गया दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस मामले में पहले नंबर पर पाकिस्तान के मौजूदा प्रधानमंत्री और पूर्व कप्तान इमरान खान का नाम है जिन्होंने 116 रन देकर 14 विकेट लिए थे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website