Tuesday , March 10 2026 8:50 PM
Home / Uncategorized / सऊदी अरब में अमेरिकी दूतावास के बाहर फायरिंग में सुरक्षा कर्मी की मौत, हमलावर भी ढेर

सऊदी अरब में अमेरिकी दूतावास के बाहर फायरिंग में सुरक्षा कर्मी की मौत, हमलावर भी ढेर


सऊदी अरब के जेद्दा में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हुई गोलीबारी में हमलावर बंदूकधारी और वाणिज्य दूतावास में काम करने वाले एक सुरक्षा कर्मी की मौत हो गई। अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, बुधवार को हुए हमले का मकसद तत्काल स्पष्ट नहीं है। गोलीबारी की घटना के बाद वाणिज्य दूतावास को बंद कर दिया गया। हमले में कोई भी अमेरिकी नागरिक या अमेरिकी कर्मचारी हताहत नहीं हुआ है।
विदेश मंत्रालय ने मामले में जांच कर रहे सऊदी अधिकारियों से मिली जानकारी का जिक्र करते हुए कहा कि हमलावर को सऊदी के सुरक्षा बलों ने मार गिराया। सऊदी अरब की सरकारी समाचार एजेंसी ने सऊदी पुलिस का हवाला देते हुए कहा कि एक व्यक्ति बंदूक लेकर वाणिज्य दूतावास के बाहर एक वाहन से उतरा था।
समाचार एजेंसी के अनुसार, ‘‘अधिकारियों ने स्थिति को भांपते हुए उससे निपटने के लिए कार्रवाई की।” समचार एजेंसी ने बताया कि मारा गया वाणिज्य दूतावास का सुरक्षा कर्मी नेपाल का नागरिक था।