
रियो डि जेनेरो: भारतीय स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी ने बारिश और हवाओं के बीच शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बुधवार को यहां रियो ओलिंपिक की महिला तीरंदाजी प्रतियोगिता के व्यक्तिगत रिकर्व राउंड के प्री-क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली।
दीपिका इटली की गुएनदालिना सारतोरी को 6-2 से हराकर अंतिम 16 में पहुंचने वाली तीसरी भारतीय तीरंदाज बनीं। उनसे पहले महिला वर्ग में लैशराम बोम्बायला देवी ने और पुरुष वर्ग में अतनु दास ने अंतिम 16 में प्रवेश किया था। झारखंड के रांची की दीपिका ने अब तक अपने दोनों मुकाबलों में पहले सेट में पिछडऩे के बाद वापसी की। उन्होंने सारतोरी को 24-27, 29-26, 28-26, 28-27 से पराजित किया। इस तरह से इस मैच का कुल स्कोर 109-106 रहा। झारखंड की इस तीरंदाज ने अपने पहले दौर के मुकाबले में जॉर्जिया की क्रिस्टीनी इसेबुआ को 6-4 से हराया। दीपिका और क्रिस्टीनी के बीच रोचक मुकाबला हुआ जिसमें भारतीय तीरंदाज ने आखिर में 26-27, 29-29, 30-27, 27-29, 29-29 से जीत दर्ज की। इस तरह से मैच का ओवरऑल स्कोर 142-140 रहा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website