नासा ने अभी तक सुनीता विलियम और बुच विल्मोर की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से पृथ्वी पर वापसी की सटीक तारीख की घोषणा नहीं की है। फरवरी में उनके आने की उम्मीद थी लेकिन फिलहास ऐसा होता नहीं दिख रहा है। दोनों को अंतरराष्ट्रीय स्टेशन गए सात महीने हो गए हैं।
भारतीय मूल की नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके सहकर्मी बुच विल्मोर को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन गए सात महीने हो गए हैं, लेकिन वे कब वापस धरती पर लौट पाएंगे, यह सवाल बना हुआ है। स्पेसएक्स क्रू 10 मिशन के लॉन्च के बाद दोनों इस साल फरवरी में पृथ्वी पर लौटने वाले थे। क्रू 10 को फरवरी में ही लॉन्च किया जाना था लेकिन देरी के बाद अब इसके मार्च 2025 में उड़ान भरने की उम्मीद जताई जा रही है। क्रू 10 में चार क्रू सदस्य होंगे, जिनमें नासा के अंतरिक्ष यात्री ऐनी मैकक्लेन (कमांडर), निकोल एयर्स (पायलट), JAXA यानी जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी के अंतरिक्ष यात्री ताकुया ओनिशी (मिशन विशेषज्ञ) और रोस्कोस्मोस के अंतरिक्ष यात्री किरिल पेस्कोव शामिल हैं।
नासा ने 17 दिसंबर, 2024 को एक प्रेस रिलीज में कहा था, ”नासा का स्पेसएक्स क्रू-10 अब चार क्रू सदस्यों को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर लॉन्च करने के लिए मार्च 2025 के अंत से पहले लक्ष्य नहीं बना रहा है।” इसने क्रू-9 मिशन के आगमन को पीछे धकेल दिया है, जिसका हिस्सा सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर हैं।
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की सात महीने में नहीं हो पाई वापसी – सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर पांच जून 2024 को बोइंग के स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान में सवार होकर अंतरिक्ष में गए थे, लेकिन नासा ने खराब स्टारलाइनर को छोड़ने और स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्ष यान पर क्रू 9 सदस्यों के साथ दोनों को पृथ्वी पर वापस लाने का फैसला किया। हालांकि, नासा का स्पेसएक्स क्रू 9 तब तक वापस नहीं आ सकता जब तक इसका रिप्लेसमेंट यानी क्रू 10 अंतरिक्ष में लॉन्च नहीं किया जाता।
नासा ने कहा, ”नासा के अंतरिक्ष यात्री निक हेग, सुनीता विलियम्स, बुच विल्मोर और रोस्कोस्मोस अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोरबुनोव के साथ एजेंसी का स्पेसएक्स क्रू-9 मिशन क्रू-10 के ऑर्बिटल लेबोरेटरी में पहुंचने के बाद पृथ्वी पर वापस आएगा।” क्रू 9 के चार सदस्य निक हेग, अलेक्जेंडर गोरबुनोव, सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर अब क्रू-10 के साथ एक छोटे हैंडओवर के बाद वापस लौटेंगे।
Home / News / घर जाने की आई याद, धरती पर कब लौटेंगी सुनीता विलियम्स, क्या अंतरिक्ष में बिताएंगी और समय?