अमेरिका के नेवादा में गोलीबारी की घटना हुई है। प्रांत के रेनो शहर स्थित सबसे बड़े कैसीनो के बाहर एक बंदूकधारी शख्स ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने संदिग्ध को गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया है। ग्रैंड सिएरा रिजॉर्ट रेनो के सबसे प्रमुख स्थलों में से एक है। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव से पहले यहां संगीत कार्यक्रम, खेल आयोजन और डोनाल्ड ट्रंप की एक चुनावी रैली आयोजित की गई थी। कैलिफोर्निया सीमा के पास लेक ताहो के ठीक उत्तर-पूर्व में स्थित यह शहर गर्मियों में एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है।
पुलिस गोलीबारी के पीछे का मकसद पता लगाने की कोशिश कर रही है। जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों में 2 की हालत गंभीर है, जबकि एक को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी शनिवार सुबह स्थानीय समयानुसार करीब 7.30 बजे हुई। बंदूकधारी शख्स कैसीनो होटल के वैलेट पार्किंग में गया और वहां खड़े लोगों के समूह पर पिस्तौल तान दी।
शुरुआत में उसकी बंदूक नहीं चली,लेकिन जल्द ही उसने कई राउंड फायर किए और पैदल ही पार्किंग से भाग गया। भागते समय उसका सामना हथियारबंद कैसिनो सुरक्षा गार्ड से हुआ। उसने गार्ड पर भी गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में गार्ड ने भी फायरिंग की। हमलावर यहां से भी भागने में कामयाब रहा। इसके बाद संदिग्ध ने पार्किंग में गाड़ी चला रहे व्यक्ति पर गोली चलाई, जिससे ड्राइवर की मौत हो गई।
तीन मिनट के अंदर पहुंची पुलिस – पुलिस अधिकारी क्रिस क्रॉफोर्थ ने बताया कि पहली गोली चलने के तीन मिनट के अंदर ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और संदिग्ध को और खून-खराबा करने से रोक दिया। पुलिस के अनुसार, हमलावर के पास कई बंदूकों की मैगजीन थी। संदिग्ध ने पुलिस अधिकारियों पर गोली चलाई और एक गश्ती वाहन को टक्कर मार दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध घायल हो गया। पुलिस ने संदिग्ध के पहचान नहीं बताई है, लेकिन बताया कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
Home / Uncategorized / अमेरिका के नेवादा में गोलीबारी, लोकप्रिय पर्यटन स्थल रेनो के सबसे बड़े कैसीनो के बाहर शख्स ने की अंधाधुंध फायरिंग, 3 की मौत