
अफगानिस्तान में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या 622 पर पहुंच गई है। वहीं 1300 से ज्यादा घायल लोगों को अस्पतालों में भर्ती किया गया है। अफगानिस्तान के तालिबान शासित गृह मंत्रालय ने बताया है कि कई इलाकों में भारी तबाही हुई है। अफगानिस्तान के नांगरहार और कुनार प्रांत में रविवार देर रात 6 की तीव्रता का भूकंप आया है। इसके बाद 4.5 से 5.2 के बीच की तीव्रता के तीन और झटके आए। भूकंप के झटके अफगानिस्तान की राजधानी काबुल और पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद तक महसूस किए गए।
तालिबान प्रवक्ता ने बताया है कि भूकंप से भारी तबाही मची है। खासतौर से पहाड़ी कुनार सूबे में भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान है। तालिबान सरकार ने बताया है कि भूकंप से प्रभावित पहाड़ी इलाके में राहत के काम में मुश्किल आ रही है क्योंकि कई सड़कें भूस्खलन की वजह से बंद हो गई हैं। तालिबान अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय संगठनों प्रभावित इलाकों तक पहुंच के लिए हेलीकॉप्टर देने की अपील की है।
जन स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने बताया है कि कुनार में कई गांव पूरी तरह से तबाह हो गए हैं। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जमान ने कहा कि कुनार, नंगरहार और राजधानी काबुल से चिकित्सा दल इलाके में पहुंच गए हैं। हालांकि सीमित संसाधनों की वजह से राहत कार्यों में मुश्किल आ रही है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website