Thursday , March 26 2026 8:51 PM
Home / Entertainment / हॉलीवुड तक पहुंची कठुआ केस की गूंज, एमा वॉटसन ने किया वकील के जज्बे को सलाम

हॉलीवुड तक पहुंची कठुआ केस की गूंज, एमा वॉटसन ने किया वकील के जज्बे को सलाम


मुंबईः जम्‍मू-कश्‍मीर के कठुआ में आठ साल की बच्‍ची के साथ बलात्‍कार ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। स्टार हो या फिर आम आदमी हर कोई आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहा है। इस केस में जो सबसे ज्यादा चर्चा में हैं वो हैं कठुआ रेप केस में पीड़‍िता के परिवार का मुकदमा लड़ रही वकील दीपिका सिंह रजावत। चर्चा होना इसलिए भी लाजमी है क्योंकि वो उस वक्‍त पीड़‍िता के परिवार के साथ खड़ी हुईं जब प्रशासन से लेकर स्‍थानीय लोग तक आरोपियों का समर्थन कर रहे थे। दीपिका सिंह रजावत को अब हॉलीवुड स्टार एमा वॉटसन का भी साथ मिला है।
एमा वॉटसन ने ट्विटर पर पोस्ट शेयर करते हुए दीपिका को शक्तिशाली बताया है। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें काफी वायरल हो रही हैं। बहरहाल, दीपिका सिंह रजावत की जो फोटो वायरल हो हुई उसे देखकर साफ है कि वो एक बुलंद इरादों वाली महिला हैं।
बता दें कि जम्‍मू बार एसोसिएशन ने दीपिका पर केस छोड़ने का काफी दबाव बनाया था। परन्तु इसके बावजूद वो पीछे नही हटी उन्‍होंने सुप्रीम कोर्ट में हुई मामले की सुनवाई से पहले मीडिया के सामने कहा भी था मेरा बलात्‍कार भी हो सकता है। मेरा कत्‍ल भी किया जा सकता है और शायद वे मुझे कोर्ट में प्रैक्टिस ही न करने दें। उन्‍होंने मुझे अलग-थलग कर दिया है। मुझे नहीं पता मैं कैसे रह पाऊंगी। इन सभी धमकियों और बायकॉट के बावजूद दीपिका न्‍याय के लिए लड़ रही है।