
न्यूयार्क। दिवंगत सेलेब्रिटी शेफ एंथनी बोर्डेन की वसीयत के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 12.1 लाख डॉलर है। पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि उनकी संपत्ति एक करोड़ 60 लाख डॉलर है।
‘पेजसिक्स डॉट कॉम’ ने मैनहट्टन सरोगेट अदालत में दाखिल बोर्डेन की वसीयत के हवाले से बताया कि उनकी संपत्ति का ज्यादातर भाग उनकी 11 वर्षीय बेटी एरिएन बुसिया बोर्डेन को दिया गया है तथा उनकी एस्टेट पर नियंत्रण उनकी पत्नी ओटाविया बुसिया बोर्डेन को दिया गया है। ओटाविया उनसे अलग रह रही थीं।
अदालत के कागजों के अनुसार, बोर्डेन की संपत्ति में 4,25,000 डॉलर की नकदी और बचत, 35,000 डॉलर एक ब्रोकरेज खाते में, 2,50,000 डॉलर और निजी संपत्ति तथा 5,00,000 डॉलर की रॉयल्टी और शेष संपत्ति है।
यह वसीयत 2016 में बोर्डेन और बुसिया के अलगाव से कुछ समय पहले तैयार की गई थी।
पिछले महीने फ्रांस में आत्महत्या करने से पहले बोर्डेन (61) का संबंध इटली की अभिनेत्री एसिया अर्जेंटो से था।
उनकी एकलौती संतान एरिएन उनकी संपत्ति की वारिस है। वसीयत के अनुसार अदालत उनकी बेटी की संपत्ति की देखभाल के लिए एक संरक्षक नियुक्त करेगी क्योकि एरिएन अभी नाबालिग है।
यद्यपि बोर्डेन बतौर शेफ अपनी उपलब्धियों और व्यंजनों के लिए प्रसिद्ध थे, लेकिन उन्होंने काल्पनिक और इतिहास आधारित कहानियां भी लिखी हैं। बोर्डेन की 2000 में लिखी किताब ‘किचेन कॉन्फिडेंशियल : एडवेंचर्स इन द कलिनरी अंडरबेली’ न्यूयार्क टाइम्स की बेस्टसेलर किताब थी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website