
भारत की फ्रांस से 114 राफेल फाइटर जेट खरीदने की डील जरूर हो रही है, लेकिन जब तक भारतीय वायु सेना (IAF) को पांचवीं पीढ़ी का स्वदेशी स्टील्थ फाइटर जेट नहीं मिलेगा, तबतक उसे वह ताकत हासिल नहीं होगी, जो उसके लिए समय की मांग है। इसके लिए एडवांस मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके कुल दो वर्जन बनने वाले हैं। पहले AMCA Mk1 बनेंगे, फिर AMCA Mk2 का उत्पादन शुरू होगा। भारत के एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (ADA) ने इसके फाइनल प्रोडक्शन तक के लिए मोटे तौर पर एक टाइमलाइन तय कर लिया है।
2031 तक AMCA का फाइनल टेस्ट यूनिट – एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (ADA) ने एएमसीए के फाइनल प्रोडक्शन तक के लिए जो शेड्यूल बनाया है, उसको लेकर डिफेंस डॉट इन ने एक रिपोर्ट दी है। इस रिपोर्ट के मुताबिक एडीए के एक वरिष्ठ ऑफिसर ने नाम नहीं जाहिर होने देने की गुजारिश करते हुए कहा कि जिस तरह का शेड्यूल बना है, उसके हिसाब से 2031 तक इस अत्याधुनिक लड़ाकू विमान के फाइनल टेस्ट यूनिट तैयार हो जाएंगे, जबकि 2028 के आखिर तक इसके पहले प्रोटोटाइप बन जाएंगे।
AMCA के कुल पांच प्रोटोटाइप बनाए जाएंगे – एडीए की योजना के अनुसार पहले लगभग हर नौ महीनों के अंतर से कुल पांच एएमसीए प्रोटोटाइप बनाए जाएंगे। पहले तीन प्रोटोटाइप विमानों के माध्यम से इसकी खास विशेषताओं, इसके एयरोडायनामिक परफॉर्मेंस और एवियोनिक्स को परखा जाएगा। अंतिम दो प्रोटोटाइप इस तरह से बनेंगे कि इसमें हथियार लोड करने और इसकी फायरिंग टेस्ट को भी अंजाम दिया जा सकेगा। इस तरह से पांच प्रोटोटाइप बनने तक यह विमान पूर्ण रूप से अपने असल रूप में सामने आ जाएगा।
AMCA Mk1 का फाइनल प्रोडक्शन 2034 तक – एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी की अभी तक की तैयारी के हिसाब से प्रोटोटाइप फेज गुजरने के बाद भारतीय वायु सेना के लिए पहले 40 AMCA Mk1 बनाए जाएंगे। AMCA Mk1 का फाइनल प्रोडक्शन 2034 तक शुरू होने की संभावना है। पांचवीं पीढ़ी का यह विमान पूरी तरह से स्टील्थ होगा और दुश्मन के रडार इसकी भनक तक नहीं लगा सकेंगे।
AMCA Mk2 का प्रोडक्शन 2036 के बाद होगा – भारतीय वायु सेना की योजना स्वदेशी एडवांस मल्टीरोल कॉम्बैट फाइटर जेट (AMCA Mk2) के ज्यादा उन्नत वर्जन भी खरीदने की है। रिपोर्ट के अनुसार 2036 के बाद AMCA Mk2 वर्जन का भी बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन शुरू हो जाएगा। भारतीय वायु सेना करीब 80 फाइटर जेट इसी वर्जन के खरीदने की योजना पर काम कर रही है।
AMCA Mk1 से कितना शक्तिशाली Mk2 वर्जन – AMCA Mk1 में अमेरिका की जनरल इलेक्ट्रिक (GE) में बने F414 इंजन लगाने की योजना है। यह इंजन 98 किलोन्यूटंस (kN) थ्रस्ट जेनरेट करने में सक्षम है। वहीं AMCA Mk2 में 120 kN क्लास इंजन लगाए जाएंगे, जो कि ज्यादा शक्तिशाली होने की वजह से और भी ज्यादा एडवांस होंगे। ज्यादा थर्स्ट होने की वजह से AMCA Mk2 की पेलोड क्षमता भी ज्यादा होगी और ज्यादा हथियार लेकर दुश्मन पर हमला बोलने में भी सक्षम होगा। यह इंजन भारत में ही फ्रांस के साथ मिलकर बनाए जाने हैं। लेकिन, जिस तरह से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ के वैज्ञानिकों को पांच से सात साल में यह इंजन तैयार करने का आह्वान किया है तो इसकी सफलता से अभी तय की गई योजना में बदलाव भी किया जा सकता है।
Home / Uncategorized / 5वीं पीढ़ी के स्वदेशी स्टील्थ फाइटर जेट बनने का पूरा शेड्यूल आया, AMCA Mk1 से कितना शक्तिशाली होगा Mk2 वर्जन
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website