
रूस ने अब अपनी बुराई करने वाले मीडिया पर नकेल तकसना शुरू कर दी है। रूस के अभियोजक जनरल कार्यालय ने देश के प्रवासी समुदाय के बीच लोकप्रिय एक ऑनलाइन अखबार ‘द मॉस्को टाइम्स’ को बड़ा झटका देते हुए बुधवार को इसे ‘अवांछनीय संगठन’ घोषित कर दिया। अभियोजक जनरल कार्यालय ने आलोचनात्मक मीडिया संगठनों और विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई के बीच यह कदम उठाया। ‘अवांछनीय संगठन’ घोषित किए जाने का मतलब है कि ‘द मॉस्को टाइम्स’ को रूस में अपनी सभी गतिविधियां और कामकाज बंद करना होगा।
इसके अलावा, अखबार का सहयोग करने वाले किसी भी रूसी व्यक्ति को पांच साल तक के कारावास का सामना करना पड़ सकता है। यह पिछले साल नवंबर में अखबार को ‘विदेशी एजेंट’ घोषित किए जाने की तुलना में कहीं अधिक गंभीर कार्रवाई है। ‘विदेशी एजेंट’ का दर्जा अखबार से जुड़े व्यक्तियों और संगठनों पर न सिर्फ वित्तीय निगरानी बढ़ाता है, बल्कि उसकी किसी भी सार्वजनिक सामग्री के प्रकाशन में ‘वित्तीय एजेंट’ घोषित किए जाने की बात को प्रमुखता से शामिल करना अनिवार्य बनाता है। वैसे, ‘द मॉस्को टाइम्स’ ने 2022 में रूसी सेना और यूक्रेन में उसके युद्ध के खिलाफ सामग्री प्रकाशित करने पर कड़ी सजा देने का प्रावधान करने वाला कानून पारित होने के बाद अपने संपादकीय कार्यों को रूस से बाहर स्थानांतरित कर दिया था।
‘द मॉस्को टाइम्स’ अंग्रेजी और रूसी भाषा में उपलब्ध है, लेकिन यूक्रेन में युद्ध शुरू होने के कुछ महीनों बाद रूस में अखबार की रूसी भाषा वाली वेबसाइट ब्लॉक कर दी गई थी। ‘अवांछनीय संगठन’ घोषित किए जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए ‘द मॉस्को टाइम्स’ ने कहा, “अखबार को अवांछनीय संगठन करार देना रूस की हकीकत और यूक्रेन में उसके युद्ध को लेकर हमारी रिपोर्टिंग को दबाने का नवीनतम प्रयास है…. यह हमारे काम को और मुश्किल बना देगा।
इससे रूस में कार्यरत हमारे पत्रकारों और सूत्रों पर आपराधिक मुकदमा चलाए जाने का खतरा पैदा हो गया है। सूत्र हमसे बात करने में और भी अधिक झिझक रहे हैं।” अखबार ने कहा, “हम इस तरह के दबाव के आगे झुकने से इनकार करते हैं। हम अपनी आवाज दबाने के प्रयासों के आगे झुकने से इनकार करते हैं।” ‘द मॉस्को टाइम्स’ को 1992 में एक दैनिक अखबार के रूप में शुरू किया गया था, जो होटल-रेस्तरां और प्रवासियों के बीच लोकप्रिय अन्य स्थलों पर मुफ्त में बांटा जाता था। 2017 से अखबार का सिर्फ ऑनलाइन संस्करण उपलब्ध कराया जाने लगा।
Home / Uncategorized / मीडिया को रूस की बुराई पड़ी भारी; ‘द मॉस्को टाइम्स’ को मिला करारा झटका, अखबार के सहयोगी को भी मिलेगी बड़ी सजा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website