
नई दिल्ली: पूर्व भारतीय कप्तान मोहमद अजहरूद्दीन का मानना है कि पहले टेस्ट में आस्ट्रेलिया के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद भारतीय टीम को दूसरे टेस्ट में अंतिम एकादश में कुछ बदलाव करने के लिए बाध्य होना पड़ सकता है। अजहरूद्दीन ने कहा, ‘‘बल्लेबाजी के ध्वस्त होने के बाद टीम बैकफुट पर आ जाती है। मैं यह नहीं कह रहा कि हमने श्रृंखला गंवा दी है लेकिन यह देखने की जरूरत है कि आप किस तरह के विकेट पर खेलना चाहते हैं। मुझे लगता है कि चिन्नास्वामी में इस तरह का टर्न नहीं दिखेगा। इसलिए मुझे लगता है कि जयंत यादव और इशांत शर्मा को अंतिम एकादश से बाहर किया जा सकता है।’’
भारत को पहले टेस्ट में 333 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी और बेंगलुरू में दूसरा टेस्ट चार मार्च से खेला जाएगा। पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘उनके बल्लेबाजी प्रदर्शन को देखते हुए, मैं उम्मीद करता हूं कि वे एक अतिरिक्त बल्लेबाज खिलाएंगे- वह करूण नायर होगा। पूरी संभावना है कि वह जयंत की जगह ले सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही हम जिन विकेटों पर खेल रहे हैं वहां इशांत की बैक लेंथ की गेंदबाजी काम नहीं करने वाली। यह बेहतर होगा कि विराट भुवनेश्वर जैसे स्विंग गेंदबाज को टीम में लाएं।’’
भारत की आेर से 99 टेस्ट खेलने वाले और एक दशक के करीब टीम की अगुआई करने वाले अजहरूरद्दीन ने पूरी तरह के स्पिन की अनुकूल पिच पर भारतीय स्पिनरों के प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जब माइकल क्लार्क ने मुंबई में नौ रन देकर छह विकेट चटकाए थे तब भी एेसा ही विकेट तैयार किया गया था। यह बल्लेबाजी के लिए खराब पिच थी। लेकिन स्पिनरों ने इस विकेट पर जिस तरह की गेंदबाजी की उससे मैं खुश नहीं हूं, विशेषकर रविंद्र जडेजा से।’’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website