
अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के सबसे शक्तिशाली स्पेस टेलिस्कोप जेम्स वेब ने एक और कमाल कर दिखाया है। जेम्स वेब ने यूरेनस की एक अद्भुत तस्वीर खींची है जिसमें बर्फ के विशालकाय रिंग सिस्टम, ग्रह के चमकीले चंद्रमा और इसके गतिशील वातावरण को बड़े विस्तार से देखा जा सकता है। जेम्स वेब ने यह तस्वीर 6 फरवरी को खींची थी। इससे पहले JWST ने सौर मंडल के एक अन्य बर्फीले ग्रह नेप्च्यून की भी इसी तरह की अद्भुत फोटो कैप्चर की थी। स्पेस में दिलचस्पी रखने वाले अमेरिकी अरबपति बिजनसमैन एलन मस्क ने भी इस तस्वीर की तारीफ की है।
यूरेनस की नई तस्वीर प्लैनेट के 13 ज्ञात छल्लों में से 11 को दिखाती है जिनमें से कुछ इतने ज्यादा चमकीले हैं कि वे काफी हद तक एक-दूसरे के साथ मिल जाते हैं। खगोलविद इस तथ्य से हैरान हैं कि JWST का नियर इन्फ्रारेड कैमरा (NIRCam) उपकरण इतना संवेदनशील है कि उसने यूरेनस के धूल भरे छल्लों में से दो को कैप्चर कर लिया। अभी तक इन धुंधले छल्लों को सिर्फ दो अन्य खगोलीय आंखों से देखा गया है। पहला Voyager 2 स्पेसक्राफ्ट ने, जो 1986 में यूरेनस से गुजरा था और दूसरा हाल ही में केक ऑब्जर्वेटरी के एडवांस्ड एडेप्टिव ऑप्टिक्स ने।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website