
नार्थ साउंड। भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंंडीज को तीसरा वनडे मुकाबले में 93 रनों से हराया है। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच वनडे मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट खोकर 252 रनों का लक्ष्य रखा। विंडीज की पूरी टीम 38.1 ओवर में 158 रन बनाकर आल आउट हो गई। धोनी को इनकी नाबाद 78 रन की पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।
भारत की तरफ से सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने 72 रन बनाए। लेकिन उन्होंने इसके लिए 122 गेंदें खेली और 64.38 की स्ट्राइक रेेट से रन जोड़े। उनके बल्ले से चार चौके और सिर्फ एक छक्का निकला। महेंद्र सिंह धोनी ने धीमी शुरुआत की, लेकिन अंत में तेजी से रन बटोरे और 79 गेंदों में चार चौके तथा दो छक्कों की मदद से 78 रनों की पारी खेली।
भारत इस स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाता लेकिन धोनी और केदार जाधव ने अंत में 7.4 ओवरों में 10.56 की औसत से 81 रन जोड़ते हुए टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया। जाधव ने अपनी 40 रनों की पारी में 26 गेंदों का सामना किया और चार चौके तथा एक छक्का जड़ा। भारत को पिछले मैच की तरह इस मैच में अच्छी शुरुआत नहीं मिली। बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन (2) तीसरे ओवर में ही पवेलियन लौट गए। आक्रामक विराट कोहली 22 गेंदों में 11 रन बना सके जिसमें दो चौके शामिल थे। वह 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर 34 के कुल स्कोर पर आउट हुए।
आमतौर पर तेजी से रन बटोरने वाली भारतीय टीम को अपना अर्धशतक पूरा करने के लिए 15वें ओवर की पहली गेंद का इंतजार करना पड़ा। भारत के 100 रन 27वें ओवर की पहली गेंद पर पूरे हुए, लेकिन अगली गेंद पर लेग स्पिनर देवेंद्र बिशू ने युवराज सिंह को पवेलियन भेज दिया। तेज तर्रार पारी खेलने वाले युवराज ने 55 गेंदों में चार चौकों की मदद से 39 रन बनाए। यहां से पूर्व कप्तान धोनी ने रहाणे का साथ दिया और चौथे विकेट लिए 70 रन जोड़े। यह जोड़ी भी विंडीज गेंदबाजों की नपी तुली लाइन लैंथ के कारण खुलकर नहीं खेल सकी और 16 ओवरों में 4.37 की औसत से ही रन जोड़ पाई।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website