Tuesday , March 31 2026 11:08 PM
Home / Lifestyle / गले में जलन-सूजन, आंखों में पानी, लगातार खांसी एलर्जी के संकेत, लापरवाही नहीं, सही जांच और इलाज कराएं

गले में जलन-सूजन, आंखों में पानी, लगातार खांसी एलर्जी के संकेत, लापरवाही नहीं, सही जांच और इलाज कराएं


अगर आपको लंबे समय से लगातार खांसी हो रही है, लेकिन खांसी के साथ बुखार नहीं है, तो ये एलर्जी का संकेत हो सकता है। शहरों में बढ़ते प्रदूषण, धूल, धुआं और परागकण जैसे एलर्जेंस लोगों की सेहत को प्रभावित कर रहे हैं। एलर्जिक राइनाइटिस और अन्य एलर्जिक स्थितियां खांसी को लंबे समय तक बनाए रख सकती हैं। इससे बचने के लिए सफाई का ध्यान रखना, मास्क पहनना, इम्यूनिटी बढ़ाना, धूल, धुआं और प्रदूषण से दूरी बनाए रखना फायदेमंद है।
खांसी को अक्सर सर्दी-जुकाम या इन्फेक्शन से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन लगातार रहने वाली खांसी का एक बड़ा कारण एलर्जी भी हो सकती है। आमतौर पर एलर्जी से होने वाली खांसी तब होती है जब शरीर का इम्यून सिस्टम सामान्य चीजों जैसे धूल, परागकण या पालतू जानवरों के बालों पर जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया करता है। इससे श्वसन तंत्र में सूजन और जलन होती है, जो लगातार खांसी का कारण बनती है।
एलर्जी से खांसी क्यों होती है ? – जब कोई व्यक्ति प्रदूषण, धूल, धुआं और परागकण जैसे एलर्जेंस के संपर्क में आता है, तो शरीर का इम्यून सिस्टम उसे नुकसानदायक समझकर प्रतिक्रिया करता है। इस दौरान हिस्टामिन जैसे केमिकल रिलीज होते हैं, जिनकी वजह से नाक, गले और सांस की नलियों में सूजन और म्यूकस बढ़ जाता है।
पोस्ट-नेजल ड्रिप से होती है एलर्जी वाली खांसी – एलर्जी से होने वाली खांसी का एक मुख्य कारण पोस्ट-नेजल ड्रिप है। इसमें नाक से निकलने वाला म्यूकस गले के पीछे जमा होता है, जिससे गले में जलन और बार-बार खांसी की समस्या बढ़ जाती है। इसके अलावा एलर्जी अस्थमा को भी ट्रिगर कर सकती है, जिससे सांस लेने में दिक्कत और खांसी दोनों बढ़ जाते हैं।
एलर्जी वाली खांसी के प्रमुख लक्षण – एलर्जी वाली खांसी का इलाज क्या है (सांकेतिक तस्वीर)<br>
एलर्जी वाली खांसी का इलाज क्या है (सांकेतिक तस्वीर)
एलर्जी से होने वाली खांसी के लक्षण सामान्य खांसी से थोड़े अलग होते हैं, जैसे- सूखी और लगातार बनी रहने वाली खांसी
गले में खुजली, खराश या जलन
बार-बार छींक आना
नाक बहना या बंद होना
आंखों में पानी आना या खुजली
खांसी का रात में या सुबह ज्यादा बढ़ना
खांसी के साथ बुखार का न होना
एलर्जी वाली खांसी की पहचान कैसे करें? – एलर्जी और इन्फेक्शन के कारण होने वाली खांसी में फर्क समझना जरूरी है। अगर खांसी कई हफ्तों तक बनी रहे, मौसम बदलने या धूल के संपर्क में आने पर बढ़ जाए, परिवार में पहले से एलर्जी या अस्थमा का इतिहास हो, एंटी-एलर्जिक दवाओं से राहत मिले तो ये एलर्जी के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में एलर्जी टेस्ट, फेफड़ों की जांच या अन्य जरूरी टेस्ट कराने चाहिए ताकि खांसी के सही कारण का पता लगाया जा सके।
एलर्जी से होने वाली खांसी से बचाव कैसे करें? – एलर्जी वाली खांसी से बचने के लिए लाइफस्टाइल में किए गए निम्नलिखित बदलाव फायदेमंद हो सकते हैं-
घर को साफ और धूल-मुक्त रखें –
बेडशीट, तकिए और पर्दों को नियमित धोएं
बाहर जाते समय मास्क पहनें
प्रदूषण और धुएं से दूरी बनाएं
एयर प्यूरीफायर का उपयोग करें
पौष्टिक आहार लें और इम्युनिटी मजबूत करें
पालतू जानवरों के बालों से एलर्जी हो तो सावधानी बरतें

एलर्जी से होने वाली खांसी का इलाज क्या है? – एलर्जी से होने वाली खांसी का इलाज उसके कारण को नियंत्रित करना होता है। खांसी किस वजह से हो रही है उसके अनुसार हम मरीज को नेजल स्प्रे, अगर अस्थमा जुड़ी एलर्जी है तो इनहेलर, खांसी रोकने वाली दवाएं, एंटीहिस्टामिन दवाएं आदि का उपयोग करने की सलाह देते हैं। लंबे समय तक एलर्जी की समस्या रहने पर एलर्जेन की पहचान कर उससे बचाव करना सबसे जरूरी होता है।

एलर्जी वाली खांसी कब होती है हानिकारक? – एलर्जी वाली खांसी से कैसे राहत पाएं (सांकेतिक तस्वीर)
एलर्जी से होने वाली खांसी को हल्के में नहीं लें। निम्नलिखित संकेत नजर आएं तो तुरंत जांच कराएं-
खांसी 2–3 हफ्तों से ज्यादा बनी रहे
सांस लेने में तकलीफ हो
खांसी के कारण नींद डिस्टर्ब हो
दवाओं से आराम न मिले
सीने में दर्द या कमजोरी महसूस हो
एलर्जी वाली खांसी से राहत पाएं – एलर्जी से होने वाली खांसी एक आम, लेकिन अक्सर नजरअंदाज की जाने वाली समस्या है। खांसी की वजह, सही पहचान, समय पर इलाज और बचाव के उपाय अपनाकर इसे आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है। अगर आपकी खांसी बार-बार लौटती है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो इसे नॉर्मल न समझें। समय पर जांच और सही उपचार से आप एलर्जी वाली खांसी से राहत पा सकते हैं और अपनी लाइफस्टाइल बेहतर बना सकते हैं।