Wednesday , April 1 2026 8:27 AM
Home / Entertainment / सोफी टर्नर को लगी चोट तो रुकी Tomb Raider की शूटिंग, मेकर्स ने जारी किया बयान और दिया अपडेट

सोफी टर्नर को लगी चोट तो रुकी Tomb Raider की शूटिंग, मेकर्स ने जारी किया बयान और दिया अपडेट


एक्ट्रेस सोफी टर्नर हाल ही सीरीज ‘टॉम्ब रेडर’ की शूटिंग कर रही थीं, और चोट लग गई। इस कारण शूटिंग दो हफ्ते के लिए रोक दी गई है। मेकर्स ने बयान जारी किया है और सोफी टर्नर के बारे में भी अपडेट दिया है। सीरीज में सोफी टर्नर, लारा क्रॉफ्ट के रोल में हैं।
एक्ट्रेस सोफी टर्नर हाल ही सीरीज ‘टॉम्ब रेडर’ की शूटिंग कर रही थीं, लेकिन इस दौरान वह घायल हो गईं और शूटिंग रोक दी गई है। अच्छी बात यह रही कि सोफी टर्नर को ज्यादा चोट नहीं लगी, पर उन्हें आराम देने के लिए शूटिंग रोक दी गई। सोफी टर्नर को चोट लगने की खबर से फैंस परेशान हो गए। इस बीच मेकर्स की तरफ से एक स्टेटमेंट जारी किया गया, जिसमें उन्होंने एक्ट्रेस की चोट के बारे में बताया।
सोफी टर्नर को लगी चोट, स्टूडियो ने जारी किया बयान – मालूम हो कि Tomb Raider सीरीज को फीबी वालर-ब्रिज स्टूडियो बना रहा है और इसे OTT प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाएगा। स्टूडियो ने जारी किए बयान में ‘डेडलाइन’ से कहा, ‘सोफी टर्नर को हाल ही में मामूली चोट लगी है। एहतियात के तौर पर, उनके ठीक होने के लिए प्रोडक्शन का काम कुछ समय के लिए रोक दिया गया है। हम जल्द ही प्रोडक्शन का काम दोबारा शुरू करेंगे।’
बताया जा रहा है कि ‘टॉम्ब रेडर’ की शूटिंग करीब दो हफ्ते तक के लिए रोकी गई है, पर इस दौरान पूरे क्रू को पेमेंट दी जाएगी। इस सीरीज की शूटिंग साल 2026 की शुरुआत में शुरू हुई थी। 15 जनवरी को लारा क्रॉफ्ट के किरदार में सोफी टर्नर का फर्स्ट लुक रिलीज किया गया था, जिसे कमाल का रिस्पॉन्स मिला। ‘टॉम्ब रेडर’ की शूटिंग मुख्य रूप से यूके में हो रही है।
क्या है Tomb Raider की कहानी? – ‘टॉम्ब रेडर’ दुनियाभर में पॉपुलर वीडियो गेम फ्रेंचाइज पर आधारित है, जिसमें आर्कियोलॉजिस्ट लारा क्रॉफ्ट के कारनामों को दिखाया गया है। 1996 में पहले गेम के लॉन्च के बाद से, यह किरदार गेमिंग इतिहास के सबसे प्रसिद्ध किरदारों में से एक बन गया है। लारा क्रॉफ्ट के किरदार और ‘टॉम्ब रेडर’ गेम पर कई फिल्में बनाई जा चुकी हैं। इस गेम पर साल 2001 में बनी फिल्म ‘लारा क्रॉफ्ट: टॉम्ब रेडर’ में एंजेलिना जॉली ने भी काम किया था। उसमें वह लारा क्रॉफ्ट बनी थीं, पर अब नई लारा क्रॉफ्ट के रूप में सोफी टर्नर नजर आएंगी।