Thursday , February 26 2026 10:58 AM
Home / Entertainment / BAFTA में ‘ही मैन’ धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि, इन हस्तियों को भी किया गया याद, हेमा मालिनी हुईं भावुक

BAFTA में ‘ही मैन’ धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि, इन हस्तियों को भी किया गया याद, हेमा मालिनी हुईं भावुक


79वें ब्रिटिश अकेडमी फिल्म अवॉर्ड्स (BAFTA) में एक मेमोरियम सेगमेंट में बॉलीवुड के दिग्गज स्टार और ‘ही मैन’ धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी गई। इस सेगमेंट में बाफ्टा ने उन तमाम सेलिब्रिटीज को भावुक श्रद्धांजलि दी, जो साल 2025 में इस दुनिया को अलविदा कह गए। हॉलीवुड की कई हस्तियां भी इसमें शामिल रहीं और इन्हीं में दिवंगत स्टार धर्मेंद्र का भी नाम शामिल किया गया। BAFTA अवॉर्ड्स रविवार, 22 फरवरी को लंदन में आयोजित किए गए थे। इस दौरान धर्मेंद्र की तस्वीर फ्रांसीसी एक्ट्रेस-सिंगर ब्रिगिट बार्डोट और जर्मनी के एक्टर उडो कीर के साथ स्क्रीन पर दिखाई गई।
BAFTA 2026 में इन सेलेब्स को श्रद्धांजलि – BAFTA में रॉबर्ट डुवैल, कैथरीन ओ’हारा, वैल किल्मर, रॉब रेनर और टॉम स्टॉपर्ड जैसी ग्लोबल हस्तियों को भी सिनेमा में उनके योगदान के लिए याद किया गया। धर्मेंद्र भी इनमें शामिल रहे। यह सभी के लिए एक भावुक पल था। धर्मेंद्र के अलावा सतीश शाह, मनोज कुमार और असरानी को भी श्रद्धांजलि दी गई। इन सभी सितारों को हमने साल 2025 में खो दिया था।
हालांकि, धर्मेंद्र पहले भारतीय एक्टर नहीं थे, जिन्हें ब्रिटिश अकेडमी ने सम्मान दिया और याद किया। धर्मेंद्र अब उन चुनिंदा भारतीय हस्तियों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं, जिन्हें कई साल से बाफ्टा की यादों में अहम स्थान मिला है।
हेमा मालिनी हुईं भावुक, साथ बिताया वक्त किया याद, कही यह बात – वहीं, धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी दिवंगत एक्टर को मिले ट्रिब्यूट पर भावुक हो गईं और उनकी याद आ गई। उन्होंने ‘वैराइटी इंडिया’ से बातचीत में कहा, ‘वह एक ऐसे इंसान थे, जिन्हें सीमाओं से परे प्यार मिला और सीमाओं से परे पहुंच थी। दुनिया के हर कोने में उनके फैंस थे। विदेशों में भारी भीड़ उन्हें घेर लेती थी। क्या ही नजारा होता था। हम शूटिंग के अलावा ज्यादा ट्रैवल नहीं करते थे, जब हमें साथ में समय बिताने का मौका मिलता था। हम साथ में कई फिल्में साइन करते थे ताकि हम साथ में समय बिता सकें। मुझे हर पल उनकी याद आती है। मैं बार-बार खुद से पूछती हूं- क्या वह सच में चले गए हैं? मैं उनसे दोबारा कब मिलूंगी?’