Friday , March 27 2026 4:25 AM
Home / News / ट्रंप को इजरायल की भी परवाह नहीं, सऊदी अरब को F-35 बेचने का किया ऐलान, अब क्या करेंगे ‘बेचारे’ नेतन्याहू?

ट्रंप को इजरायल की भी परवाह नहीं, सऊदी अरब को F-35 बेचने का किया ऐलान, अब क्या करेंगे ‘बेचारे’ नेतन्याहू?


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब को F-35 लड़ाकू विमान की बिक्री का ऐलान किया है। उन्होंने इसकी घोषणा सऊदी अरब के प्रधानमंत्री और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की बहुप्रतीक्षित अमेरिका यात्रा के एक दिन पहले की है। प्रिंस सलमान सात साल बाद अमेरिका का दौरा करने वाले हैं।
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की बहुप्रतीक्षित वाशिंगटन यात्रा की पूर्व संध्या पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि वह इस खाड़ी देश को एफ-35 लड़ाकू विमान बेचेंगे। हालांकि, ट्रंप प्रशासन में इस बात को लेकर चिंता है कि इस तरह की बिक्री से चीन को उन्नत हथियार प्रणाली के पीछे की अमेरिकी प्रौद्योगिकी तक पहुंच मिल सकती है। इजरायल पहले से ही सऊदी अरब को F-35 लड़ाकू विमान बेचने का विरोध कर रहा है। उसे डर है कि इससे सऊदी अरब की हवाई शक्ति में जबरदस्त इजाफा होगा और इससे इजरायल के लिए खतरा बढ़ जाएगा। अभी तक सऊदी अरब ने इजरायल को एक देश के तौर पर न तो मान्यता दी है और ना ही कोई राजनयिक संबंध स्थापित किया है।
ट्रंप ने सऊदी को F-35 की बिक्री पर क्या कहा – जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह सऊदी अरब को ये विमान बेचेंगे तो उन्होंने कहा, ‘‘मैं कहूंगा कि हम ऐसा करेंगे। हम एफ-35 बेचेंगे।’’ उन्होंने कहा, “वे हमारे लिए एक महत्वपूर्ण सहयोगी रहे हैं।” यह सात वर्षों से अधिक समय में क्राउन प्रिंस की पहली अमेरिका यात्रा होगी इसलिए उम्मीद की जा रही है कि वह अपनी इच्छाओं और मांगों की एक सूची लेकर आएंगे, जिसमें ट्रंप से अपने देश के लिए अमेरिकी सैन्य सुरक्षा के दायरे को परिभाषित करने का औपचारिक आश्वासन और अमेरिका में निर्मित दुनिया के सबसे उन्नत विमानों में से एक एफ-35 लड़ाकू विमान खरीदने का समझौता शामिल है।