सऊदी अरब के जेद्दा शहर में आठ घंटे तक अमेरिकी और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच चली बैठक के बाद यूक्रेन ने युद्धविराम के लिए सहमति जता दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन की इस कदम का स्वागत किया है। इसके साथ ही उन्होंने गेंद पुतिन के पाले में डाल दी है।
रूस और यूक्रेन के बीच 3 साल से ज्यादा समय से चल रहे भीषण संघर्ष के अब खत्म होने की उम्मीद दिखाई दे रही है। सऊदी अरब अरब में अमेरिकी अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद यूक्रेन ने तत्काल 30 दिनों के युद्धविराम समझौते पर सहमति जताई है। आठ घंटे की बातचीत के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी घोषणा की और कहा कि अब गेंद रूस के पाले में है। इस प्रस्ताव को अब क्रेमलिन के सामने रखा जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के युद्ध विराम पर सहमति जताने का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि रूस भी इस पर सहमत होगा।
ट्रंप ने कहा कि इस भयानक युद्ध में रूस और यूक्रेन दोनों के सैनिक मारे जा रहे हैं और युद्ध विराम पर पहुंचना बहुत महत्वपूर्ण है। मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, यूक्रेन में युद्ध विराम पर अभी कुछ समय पहले ही सहमति बनी है। अब हमें रूस जाना है और उम्मीद है कि राष्ट्रपति पुतिन भी इस पर सहमत होंगे और हम इसे आगे बढ़ा सकेंगे।
अमेरिका के साथ बातचीत में बनी सहमति – इसके पहले सऊदी अरब के जेद्दा में अमेरिकी और यूक्रेनी अधिकारियों की बैठक के बाद दोनों देशों ने संयुक्त बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि यूक्रेन अमेरिका के उस प्रस्ताव के लिए खुला है, जिसमें तत्काल, अंतरिम 30 दिवसीय युद्धविराम लागू करने की बात कही गई है, जिसे पक्षों की आपसी सहमति से बढ़ाया जा सकता है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब कीव ने रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। लगभग 350 ड्रोनों ने मॉस्को पर हमला किया, जिसमें 3 लोग मारे गए और 18 घायल हो गए। इसके जवाब में रूस ने यूक्रेनी शहर ओडेसा पर हमला करके जवाबी कार्रवाई की।
रूस के सामने पेश किया जाएगा प्रस्ताव – सऊदी अरब के जेद्दा में हुई बैठक के नतीजों को लेकर अमेरिका अब रूस के पास जाएगा। बैठक के बाद जानकारी देते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा, ‘हम उन्हें (रूस) बताएंगे कि यह बात टेबल पर है। यूक्रेन गोलीबारी बंद करने और बातचीत शुरू करने के लिए तैयार है और अब यह उन पर निर्भर करेगा कि वे हां या न कहें।’ उन्होंने कहा कि युद्ध को समाप्त करने का एकमात्र तरीका सैन्य समाधान के बजाय बातचीत करना है।
Home / News / यूक्रेन 30 दिनों के युद्धविराम के लिए तैयार, अमेरिका ने किया सऊदी अरब में ऐलान, डोनाल्ड ट्रंप ने अब गेंद पुतिन के पाले में डाली