
रूस और अमेरिका ने मंगलवार को यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने और अपने कूटनीतिक और आर्थिक संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में काम करना शुरू करने पर सहमति व्यक्त की। दोनों देशों के शीर्ष राजनयिकों ने वार्ता के बाद कहा कि यह वार्ता राष्ट्रपति डोनाल्ड टंप के तहत अमेरिकी विदेश नीति में एक असाधारण बदलाव को दर्शाती है।
रूस और अमेरिका के शीर्ष राजनयिकों ने मंगलवार को सऊदी अरब में मुलाकात के दौरान संबंधों को सुधारने तथा यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत शुरू करने पर चर्चा की।यह बातचीत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिकी विदेश नीति में एक बड़े बदलाव को दर्शाती है। इस बैठक में कोई भी यूक्रेनी अधिकारी मौजूद नहीं था और यह बैठक ऐसे समय में हुई जब संकटग्रस्त देश धीरे-धीरे लेकिन लगातार रूसी सैनिकों के खिलाफ अपनी जमीन खो रहा है।
बैठक से जेलेंस्की नाराज – रूस-यूक्रेन युद्ध को लगभग तीन वर्ष होने वाले हैं। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि अगर कीव इस वार्ता में हिस्सा नहीं लेता है, तो उनका देश इस सप्ताह की वार्ता में लिए गए किसी भी फैसले को स्वीकार नहीं करेगा। यूरोपीय सहयोगियों ने भी चिंता जताई है कि उन्हें दरकिनार किया जा रहा है।
बैठक में किन मुद्दों पर बनी सहमति – बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस बैठक के जरिये दोनों देशों के बीच संबंधों को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद थी, जो पिछले कुछ दशकों में बेहद खराब हो गए थे। रुबियो ने बैठक के बाद कहा कि दोनों पक्ष वाशिंगटन और मॉस्को में अपने-अपने दूतावासों में कर्मचारियों की बहाली करने पर सहमत हुए हैं, ताकि यूक्रेन शांति वार्ता, द्विपक्षीय संबंधों और व्यापक रूप से सहयोग का समर्थन करने के लिए मिशन बनाए जा सकें।
ट्रंप-पुतिन मुलाकात का रास्ता साफ – इस बैठक का उद्देश्य ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बैठक का मार्ग प्रशस्त करना भी था। वार्ता समाप्त होने के बाद पुतिन के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने रूस के ‘चैनल वन’ को बताया कि उस शिखर सम्मेलन के लिए अब तक कोई तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन इसके अगले सप्ताह होने की ‘संभावना’ नहीं है।
अमेरिका और रूस ने बैठक पर क्या कहा – क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव से जब पूछा गया कि सहयोगी देशों की चिंता है कि उन्हें दरकिनार किया जा रहा है, तो उन्होंने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि वार्ता मुख्य रूप से ”अमेरिका-रूस संबंधों की संपूर्ण शृंखला को बहाल करने, साथ ही यूक्रेनी समझौते पर संभावित वार्ता की तैयारी करने और दोनों राष्ट्रपतियों की बैठक आयोजित करने” पर केंद्रित होगी। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा कि बैठक का उद्देश्य यह निर्धारित करना है कि रूस शांति के लिए कितना गंभीर है और क्या विस्तृत वार्ता शुरू की जा सकती है।
Home / News / यूक्रेन युद्ध जल्द होगा खत्म! जानें अमेरिका-रूस में किन मुद्दों पर बनी सहमति, अब पुतिन-ट्रंप की होगी मुलाकात
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website