रूस ने सैटेलाइट के जरिए यूक्रेन की मदद करने पर पश्चिमी देशों को सख्त चेतावनी दी है। रूसी विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अगर अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के कॉमर्शियल सैटेलाइट यूक्रेन युद्ध में शामिल होते हैं, तो वे रूस के लिए वैध लक्ष्य हो सकते हैं। दरअसल, अमेरिकी और पश्चिमी देशों के सैटेलाइट यूक्रेन को रूसी फौज की ग्राउंड लोकेशन और दूसरी खुफिया जानकारियां शेयर कर रहे हैं। इस कारण रूसी सेना को यूक्रेन में भारी नुकसान भी उठाना पड़ा है। रूस के पास एंटी सैटेलाइट हथियारों का जखीरा है, जो अंतरिक्ष में किसी भी उपग्रह को पलक झपकते ही नष्ट कर सकता है। रूस ने अपनी इस क्षमता का कई बार प्रदर्शन भी किया है।
रूसी विदेश मंत्रालय के अप्रसार और हथियार नियंत्रण विभाग के उप निदेशक कोन्स्टेंटिन वोरोत्सोव ने संयुक्त राष्ट्र को बताया कि अमेरिका और उसके सहयोगी पश्चिमी प्रभुत्व को लागू करने के लिए अंतरिक्ष का उपयोग करने की कोशिश कर रहे थे। नोट्स से पढ़ते हुए वोरोत्सोव ने कहा कि यूक्रेन युद्ध में पश्चिमी उपग्रहों का उपयोग एक अत्यंत खतरनाक प्रवृत्ति है। उन्होंने वोरोत्सोव ने संयुक्त राष्ट्र की पहली समिति को बताया कि अगर ऐसा होता है तो ये कॉमर्शियल सैटेलाइट जवाबी हमले के लिए एक वैध लक्ष्य हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन का समर्थन करने के लिए ऐसे उपग्रहों का पश्चिम का उपयोग उकसाने वाली कार्रवाई मानी जाएगी।