
अमेरिका ने बुधवार को ईरान के एक जहाज नेटवर्क पर यह कहते हुए प्रतिबंध लगा दिए कि इसने सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद को फायदा पहुंचाने के लिए लाखों बैरल तेल बेचा। अमेरिका का कहना है कि इस नेटवर्क का संचालन ईरान रिवॉल्यूशनरी गार्ड कर रहा था।
ईरान ने चेतावनी दी थी कि अगर अमेरिका उस पर से दबाव कम नहीं करता तो वह परमाणु समझौते के तहत की गईं अपनी प्रतिबद्धताओं में और कटौती कर सकता है। ईरान की चेतावनी के कुछ ही समय बाद अमेरिका ने 16 कंपनियों, 10 लोगों और 11 जहाजों पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया।
अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने कहा कि विदेशी अभियानों के लिए जिम्मेदार रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स की एक ईकाई ‘कुद्स फोर्स’ ने कच्चे तेल के माध्यम से असद और उनके लेबनानी सहयोगी हिजबुल्ला का समर्थन किया। जिन संस्थाओं को नए प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है, उनमें अमेरिका के सहयोगी भारत में स्थित मेहदी समूह और इसके निदेशक अली ज़हीर मेहदी शामिल हैं। अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने कहा है कि उन्होंने ईरानी तेल के लिए जहाजों का प्रबंधन किया था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website