
अमेरिका में डेनवर शहर के सिटी पार्क में मार्टिन लूथर किंग जूनियर के एक बड़े स्मारक में तोड़फोड़ की गयी। पुलिस इस घटना की नस्लीय भेदभाव के पहलू से जांच कर रही है। ‘द डेनवर पोस्ट’ ने एक खबर में बताया कि ‘‘आई हैव ए ड्रीम” स्मारक से संगमरमर और कांसे के कई सामान मंगलवार को चोरी कर लिए गए। चोरी किए गए सामान में कांसे की एक मशाल और देवदूत की आकृति तथा अश्वेत पूर्व सैन्यकर्मियों को दर्शाने वाला कांसे का पैनल शामिल है।
‘डॉ. मार्टिन लूथर किंग जूनियर कोलराडो होलीडे कमीशन’ के अध्यक्ष वर्न होवार्ड ने अखबार को बताया कि समुदाय के एक सदस्य ने बुधवार को उन्हें तोड़फोड़ की सूचना दी। उन्होंने कहा, ‘‘आप चुरा सकते है। आप अपने साथ ले जा सकते हैं। आप उखाड़ सकते हैं। आप नफरत कर सकते हैं। आप डॉ. किंग और कमीशन के संदेश को विकृत करने के लिए हर वो चीज कर सकते हैं जो आपको जरूरी लगे।”
होवार्ड ने कहा, ‘‘हम सम्मान, काम करने, स्वतंत्रता, न्याय तथा नस्लवाद, घृणा और भेदभाव को खत्म करने की ओर आगे बढ़ना जारी रखेंगे।” कलाकार एड ड्वाइट ने 2002 में यह स्मारक बनाया था। इसमें मार्टिन लूथर किंग जूनियर की कांसे एक प्रतिमा और महात्मा गांधी, रोजा पार्क्स, सोजर्नर ट्रुथ और फ्रेडरिक डगलस की छोटी प्रतिमाएं हैं। डेनवर पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website