
रूसी जासूसी जहाज के ब्रिटेन की सीमा के करीब पहुंचने से यूरोप में माहौल गरमा गया है। ब्रिटेन ने रूस को चेतावनी देते हुए कहा है कि हम जानते हैं कि आप क्या कर रहे हैं। उसने रूसी जासूसी जहाज की निगरानी के लिए एक फ्रिगेट और एक निगरानी जहाज तैनात किया है।
ब्रिटेन ने बुधवार को रूस को एक जासूसी जहाज को लेकर कड़ी चेतावनी जारी की। उसने कहा कि जहाज को स्कॉटलैंड के उत्तर में उसके जलक्षेत्र के किनारे संचालित किया जा रहा है और इसने ‘रॉयल एयर फोर्स’ (आरएएफ) के पायलट पर लेजर भी दागे हैं। ब्रिटेन ने कहा है कि हमें पता है कि रूसी जासूसी जहाज यहां है और वह क्या कर रहा है। ब्रिटेन ने रूसी जासूसी जहाज की निगरानी के लिए युद्धपोतों और निगरानी जहाज को तैनात किया है।
ब्रिटिश रक्षा मंत्री ने दी चेतावनी – ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हेली ने यहां अपने संबोधन में न केवल रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को उनके जहाज को ब्रिटिश जलक्षेत्र में आगे बढ़ने के प्रति आगाह किया, बल्कि भारत और पाकिस्तान के बीच ”सशस्त्र संघर्ष” समेत वैश्विक तनावों के मद्देनजर ब्रिटेन को अपने युद्ध सामग्री उत्पादन में ”तेजी” लाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
रूसी जासूसी जहाज की निगरानी कर रहा ब्रिटेन – उन्होंने कहा कि आरएएफ के पायलट पिछले कुछ सप्ताहों से यांतर नामक रूसी पोत पर नजर रख रहे हैं, क्योंकि यह पोत ब्रिटेन के जलक्षेत्र में प्रवेश कर चुका है और यह देश के समुद्री बुनियादी ढांचे के लिए खतरा है। हेली ने कहा, ”रूस और पुतिन के लिए मेरा संदेश यही है: हम आपको देख रहे हैं। हम जानते हैं कि आप क्या कर रहे हैं। और अगर यांतर इस सप्ताह दक्षिण की ओर बढ़ता है तो हम तैयार हैं।”
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website