Tuesday , March 3 2026 11:35 AM
Home / Lifestyle / ब्रेड में छाछ मिलाने से क्या होता है? बनेगा कम तेल का हेल्दी और स्वादिष्ट नाश्ता, राजस्थानी महिला ने बताई रेसिपी

ब्रेड में छाछ मिलाने से क्या होता है? बनेगा कम तेल का हेल्दी और स्वादिष्ट नाश्ता, राजस्थानी महिला ने बताई रेसिपी

भारत के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति ही नहीं बल्कि वहां का स्वाद भी अलग पहचान रखता है। राजस्थान की बात करें तो यहां तीखा और चटपटा खूब खाया जाता है। पापा-मम्मी किचन स्पेशल यूट्यूब चैनल पर राजस्थानी महिला भी इस राज्य की अलग-अलग डिश शेयर करती है। इस बार उन्होंने ब्रेड में छाछ डालकर एक यूनिक नाश्ता बनाया है।
इस नाश्ते की खास बात है कि बहुत कम समय में बनकर तैयार हो जाता है और जरूरी सामग्री आपकी किचन में आसानी से मिल जाएंगी। हालांकि स्टीम करने की प्रोसेस आपको साउथ इंडियन फूड की याद जरूर दिलाएगी। लेकिन यह नाश्ता देखने में इतना अच्छा लगता है कि आप एक बार बनाकर जरूर खा सकते हैं।
छाछ बनाने का तरीका – सबसे पहले एक कटोरी में आधा कप जितना ताजा दही डाल दें। अगर आप दही नहीं खाते हैं तो पानी में नींबू का रस भी मिला सकते हैं। वहीं दही को अच्छी तरह से फेंट लें और आधा कप पानी मिला दें। पानी और दही को अच्छी तरह से मिलाने से छाछ बनकर तैयार हो जाएगी। इतनी मेहनत नहीं करना चाहते तो आप सीधा छाछ भी ले सकते हैं।
ब्रेड में मिलाएं छाछ – अब ब्रेड लेकर छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लीजिए, यहां जरूरी नहीं है कि आप ताजा ब्रेड ही लें। आप चाहें तो एक से दो दिन पुरानी ब्रेड का भी इस्तेमाल करते हैं। ब्रेड को तोड़ने के बाद छाछ को इसमें डाल दीजिए। और, कुछ देर के लिए भिगोकर रख दीजिए। इस तरह से ब्रेड, छाछ को पूरी तरह सोख लेगी।
चटनी बनाने का तरीका – जब तक ब्रेड भीग रही है, तब तक एक मिक्सर जार में 2 चम्मच भुनी हुई चना दाल, 2 चम्मच भुने हुए मूंगफली के दाने, 2 हरी मिर्च, आधा इंच अदरक का टुकड़ा और थोड़ा सा इमली का पल्प डालें। इमली ना होने पर आप नींबू का रस भी डाल सकते हैं। आखिरी में नमक और 2 से 3 चम्मच पानी डालकर पीस लीजिए। उसके बाद चटनी में सरसों का तेल गर्म करके राई, कड़ी पत्ता और मिर्ची का तड़का लगा लीजिए।
इडली जैसा बैटर बनाना – नाश्ता तैयार करने के लिए आपको इडली जैसा बैटर तैयार करना हो तो इसके लिए छाछ और ब्रेड के मिश्रण को मिक्सर जार में डालें, फिर एक कप बारीक सूजी और नमक डालकर पीस लीजिए। इस बैटर को आप एक बर्तन में निकाल लीजिए। इसमें बारीक कटी हुई गाजर डालें चाहें तो पालक भी डाल सकते हैं। लेकिन ध्यान रहे कि पानी छोड़ने वाली सब्जी ना डालें।
चावल का आटा और बेकिंग सोडा – अब आपको इस मिश्रण में थोड़ा सा बेकिंग सोडा डालना होगा,जिससे नाश्ता सॉफ्ट और फूला-फूला बनेगा। उसके बाद थोड़ा-थोड़ा करके चावल का आटा मिलाते जाएं। मिश्रण को हाथों से मिलाने के बाद एक सॉफ्ट डो बनकर तैयार हो जाएगा। आखिरी में हाथों में हल्का से तेल लगाने के बाद एक बार और मसल लीजिए।
स्टीम करने की सही ट्रिक – अब एक बर्तन में पानी को गर्म होने के लिए रखें, जब तक पानी गर्म हो रहा है तब तक आटे की छोटी-छोटी लोई लेकर बॉल्स बनाएं और उन्हें हल्का दबा दें। पानी गर्म होने पर बर्तन के ऊपर छलनी रखें और इन बॉल्स को स्टीम कर लें। उसके बाद एक कड़ाही में तेल गर्म करें, राई और सफेद तिल डालकर पका लें। अब कटी हुई हरी मिर्च, कड़ी पत्ता, हींग और सांभर मसाला डालकर धीमी आंच पर पकाएं।
चटनी के साथ करें सर्व – जब कड़ाही में मसाले पक जाएं जब आप स्टीम की हुई बॉल्स को डाल दीजिए। थोड़ा देर भूनने के बाद आपका नाश्ता लगभग तैयार हो जाएगा, बेहतरीन शक्ल देने के लिए कटा हुआ हरा धनिया डालकर अच्छी तरह से मिला दीजिए। अब दाल और मूंगफली की चटनी के साथ इस मुलायम और स्वादिष्ट नाश्ते को सर्व करें। जो सिर्फ देखने में अच्छा नहीं लगेगा बल्कि स्वाद से भी दिल जीत लेगा।