Saturday , August 9 2025 7:38 AM
Home / News / ऑस्ट्रेलिया के हैरिस पार्क का नाम लिटिल इंडिया क्यों हो रहा है, आंकड़ों में छिपा है नाम बदलने का गणित

ऑस्ट्रेलिया के हैरिस पार्क का नाम लिटिल इंडिया क्यों हो रहा है, आंकड़ों में छिपा है नाम बदलने का गणित


ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में हैरिस पार्क की सड़कें उत्साह से भरी हुई हैं। चारों और केसरिया, सफेद और हरे रंग की सजावट नजर आ रही है। दरअसल, यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की तैयारियां की जा रही है। पीएम मोदी लगभग 10 साल में पहली बार ऑस्ट्रेलिया जा रहे हैं। पीएम मोदी मंगलवार को सिडनी के पश्चिम में बसे हैरिस पार्क का नाम बदलकर लिटिल इंडिया करेंगे। लिटिल इंडिया हैरिस पार्क बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय देशवाल ने कहा कि तीन सड़कों को सामूहिक रूप से ‘लिटिल इंडिया’ के रूप में जाना जाएगा। लिटिल इंडिया नाम अभी तक आधिकारिक नहीं है लेकिन सिटी काउंसलर पॉल नोएक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह इस साल के अंत तक हो जाएगा।
हैरिस पार्क का नाम लिटिल इंडिया क्यों हो रहा- 2021 की जनगणना के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में 600000 से अधिक लोग भारत में पैदा हुए थे। इसमें हैरिस पार्क के 45 प्रतिशत निवासी शामिल हैं, जो लगभग 5,000 लोगों का घर है। हैरिस पार्क में लगभग हर दूसरा आदमी भारतीय है या फिर भारत से जुड़ा हुआ है। हैरिस पार्क के 15 फीसदी निवासी गुजराती बोलते हैं। 11 फीसदी ऐसे लोग हैं, जिनकी मातृभाषा हिंदी है। 5 फीसदी लोग पंजाबी भी बोलते हैं। इसके अलावा तेलगू और तमिल भाषा बोलने वाले लोगों की संख्या भी अच्छी-खासी है। यही कारण है कि हैरिस पार्क का नाम बदलकर लिटिल इंडिया किया जा रहा है।