
ब्रिटिश गायिका रीटा ओरा का कहना है कि वह हमेशा नर्वस महसूस करती हैं और अपने काम को लेकर कभी संतुष्ट नहीं होती।
वेबसाइट ‘एसशोबिज डॉट कॉम’ के मुताबिक, ‘लव’ मैगजीन की यूट्यूब वीडियो सीरीज ‘हैशटैगमूविंगलव’ को दिए साक्षात्कार में गायिका ने अपनी कमजोरियों और असुरक्षा के बारे में खुलकर बात की।
ओरा ने कहा, ‘‘मैं हमेशा नर्वस हो जाती हूं और यह कभी-कभी चीजों को मुश्किल कर देता है और शायद लोग आपको नहीं समझते। आप तेज आवाज में चिल्लाना चाहते हैं ताकि आपको कोई सुन सके।’’
गायिका ने कहा, ‘‘मैं कभी भी संतुष्ट नहीं होती, मैं हमेशा कुछ करते रहना चाहती हूं, कुछ ज्यादा। मैं कभी भी रुकना नहीं चाहती हूं। यह सच है। आपको बस एक शख्स की जरूरत होती है जो आप पर भरोसा करे और फिर आपको महसूस होता है कि आप कुछ भी कर सकते हैं।’’
उन्होंने यह भी कहा कि वह यह नहीं चाहती कि उनकी खुशियों और सौंदर्य के अहसास को उनकी सफलता और काम से आंका जाए। उनका मानना है कि परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताकर वह सबसे ज्यादा खुशी महसूस करती हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website