
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादियों ने शनिवार को एक पुलिस मोबाइल वैन पर हमला कर दिया और इस दौरान जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों ने बन्नू जिले में छावनी पुलिस थाने के तहत आने वाले क्षेत्र में गश्त पर गयी वैन पर घात लगाकर हमला कर दिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। हमले में कोई पुलिस अधिकारी हताहत नहीं हुआ।
प्राधिकारियों ने मृतक आतंकवादियों की शिनाख्त कर ली है। एक अन्य घटना में प्रांत के बजौर जिले के नवागई इलाके में पुलिस और अर्द्धसैन्य फ्रंटियर कोर की एक संयुक्त चौकी पर हमला किया गया। बहरहाल, हमले को विफल कर दिया गया और इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। एक और घटना में जमीयत-ए-उलेमा-इस्लाम (जेयूआई-एफ) से संबद्ध हाजी शरीफुल्ला की बन्नू जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website