Sunday , March 8 2026 12:01 PM
Home / Uncategorized / पाकिस्‍तान से POK लेने के लिए 6 करोड़ बलूच आपके साथ… रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान ने राजनाथ सिंह के बयान का किया समर्थन

पाकिस्‍तान से POK लेने के लिए 6 करोड़ बलूच आपके साथ… रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान ने राजनाथ सिंह के बयान का किया समर्थन


रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान लगातार पाकिस्तान से आजादी हासिल करने के लिए जंग लड़ रहा है। इसने कई बार सार्वजनिक तौर पर भारत से मदद मांगी है, लेकिन भारत ने सार्वजनिक तौर पर बलूचों की कभी भी मदद नहीं की है। बलूच नेताओं की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि ‘बलूच पीओके पर भारत के साथ है।’
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पीओके को लेकर दिए गये बयान से पाकिस्तान में हलचल बढ़ गई है। बलूचिस्तान के नेताओं ने बकायदा बयान जारी करते हुए उनके बयान का स्वागत और समर्थन किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा था कि भारत बिना किसी आक्रामक कदम के पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) पर नियंत्रण वापस पा लेगा, क्योंकि इस क्षेत्र के लोग मौजूदा सरकार से आजादी की मांग कर रहे हैं। मोरक्को में प्रवासी भारतीयों से बातचीत के दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि “पीओके अपने आप हमारा होगा। पीओके में मांगें उठने लगी हैं, आपने नारेबाजी सुनी होगी।” राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि उन्होंने पांच साल पहले जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भी यही बात दोहराई थी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान ने बलूचिस्तान के उन नेताओं में जोश भर दिया है, जो लगातार पाकिस्तान से अपनी आजादी के लिए जंग लड़ रहे हैं। रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान ने बयान जारी करते हुए उनके बयान का समर्थन किया है। बलूच नेता मीर यार बलूच ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राजनाथ सिंह के बयान का समर्थन करने वाला बयान जारी किया है, जिसमें लिखा गया है कि “बलूचिस्तान गणराज्य भारत के रक्षा मंत्री के बयान की सराहना करता है।”