Sunday , July 12 2026 6:29 AM
Home / Video / स्लोवाकिया पहुंचे PM मोदी, नमक रोटी से क्‍यों हुआ स्वागत? पहले भारतीय प्रधानमंत्री की है यात्रा

स्लोवाकिया पहुंचे PM मोदी, नमक रोटी से क्‍यों हुआ स्वागत? पहले भारतीय प्रधानमंत्री की है यात्रा


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने विदेश दौरे के दूसरे चरण में स्लोवाकिया पहुंचे हैं। पीएम मोदी (भारतीय समय के हिसाब से) सोमवार सुबह स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में उतरे। यहां उनका स्लोवाकिया सरकार और भारतीय समुदाय ने जोरदार स्वागत किया है। पीएम मोदी को पारंपरिक ‘ब्रेड-और-नमक’ देकर वेलकम किया गया। स्लोवाकिया को साल 1993 में आजादी मिलने के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस देश की यह पहली यात्रा है।
ब्रातिस्लावा में अपने दो दिन के प्रवास के दौरान पीएम मोदी स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने के मौकों पर चर्चा करने के लिए स्लोवाकिया के प्रमुख बिजनेस लीडर्स से भी मुलाकात करेंगे।
स्लोवाकिया के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने मोदी का स्वागत किया और उन्हें पारंपरिक ‘ब्रेड-एंड-सॉल्ट’ (रोटी और नमक) से स्वागत किया गया। स्लोवाक और व्यापक स्लाव संस्कृति में यह तरीका देश की मेहमाननवाजी, सम्मान और सद्भावना का प्रतीक है।
परंपरा के अनुसार, ब्रेड समृद्धि, जीवन-निर्वाह और धरती की नेमतों को साझा करने का प्रतीक है, जबकि नमक स्थायी मूल्य, अटूट दोस्ती और सुरक्षा का प्रतीक है। मोदी के स्वागत समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया और जीवंत लोक नृत्य भी स्थानीय कलाकारों ने पेश किया।
भारत-स्लोवाकिया संबंध – पीएम मोदी ने कहा कि यह यात्रा भारत-स्लोवाकिया संबंध मजबूत करने और सहयोग के नए रास्ते खोलने में मदद करेगी। प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद स्लोवाकिया पहुंचे। उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बातचीत की और इनोवेट्स कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया।
स्लोवाकिया की यात्रा पूरी करने के बाद पीएम मोदी 16-17 जून को एवियन में G7 समिट में हिस्सा लेने के लिए वापस फ्रांस जाएंगे। यहां वे G7 नेताओं के साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग, आर्थिक विकास और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। वह समिट के दौरान कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।