
पाकिस्तान सुपर लीग में क्युयेता ग्लैडिएटर के गेंदबाज मोहम्मद नवाज ने फटाफट क्रिकेट के नए फार्मेट टी-20 में ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जिसे तोडऩा आने वाले सालों में गेंदबाजों के लिए काफी मुश्किल हो सकता है। लाहौर कलंदर के खिलाफ खेले गए मैच में खब्बू स्पिनर मोहम्मद नवाज ने अपने चार ओवर में एक मेडन फेंकते हुए महज चार रन देकर दो विकेट झटके। मैच दौरान उनका इकोनमी रेट मात्र एक रहा। जोकि टी-20 क्रिकेट में अब तक की सर्वश्रेष्ठ इकोनमी बॉलिंग हैं।
पाकिस्तान की ओर से तीन टेस्ट, दस वनडे खेल चुके हैं नवाज
बाएं हाथ के ऑर्थोडोक्स गेंदबाज मोहम्मद नवाज ने पाकिस्तान की तरफ से तीन टेस्ट, दस वनडे और आठ टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। नवाज पाकिस्तान की ओर से ऑलराउंडर की भूमिका निभा रहे हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 65 मैच में तीस की औसत से 1473 रन बनाए हैं जबकि गेंदबाजी में 71 विकेट झटक चुके हैं। वहीं, टी-20 में वह 64 मैच खेलकर 522 रन बनाने के अलावा 44 विकेट भी हासिल कर चुके हैं।
मलेशिया के अरुल विवासन सुपियाह का रिकॉर्ड तोड़ा
टी-20 क्रिकेट में वैसे सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग का रिकॉर्ड मलेशिया के अरुल विवासन सुपियाह के नाम पर है। उन्होंने जुलाई 2011 में कार्डिफ के मैदान पर समरसेट के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 3.4 ओवर में पांच रन देकर 6 विकेट झटके थे। तब उनका इकोनमी रेट प्रति ओवर 1.36 रहा था।
टी-20 इंटरनेशनल में मेंडिस हैं टॉप पर
टी-20 इंटरनेशनल सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग का रिकार्ड श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर अजंता मेंडिस के नाम पर है। मेंडिस ने 2012 में जिमबाब्वे के खिलाफ मैच में चार ओवर में दो मेडन फेंककर 8 रन देते हुए 6 विकेट झटके थे। बता दें कि मेंडिस टी-20 में दो बार छह विकेट हासिल कर चुके हैं। इससे पहले 2011 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार ओवर में एक मेडन फेंककर 16 रन देते हुए छह विकेट हासिल किए थे।
भारत की ओर से यजुवेंद्र है टॉप पर
टी-20 इंटरनेशनल में भारतीय स्पिनर यजुवेंद्र चहल एकमात्र ऐसे भारतीय स्पिनर हैं जिन्होंने छह विकेट झटके हैं। चहल ने बीते साल फरवरी में इंगलैंड के खिलाफ खेलते हुए अपने चार ओवर में 25 रन देकर छह विकेट झटके थे। बता दें कि चहल एकमात्र भारतीय गेंदबाज है जो टी-20 क्रिकेट की सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग में शामिल हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website