Monday , November 16 2026 12:05 PM
Home / Entertainment / ‘रामायणम्’ के बाद अब Pyre भी Oscars की रेस में, डायरेक्‍टर बोले- स्वतंत्र सिनेमा को भी पूरा मौका मिलना चाहिए

‘रामायणम्’ के बाद अब Pyre भी Oscars की रेस में, डायरेक्‍टर बोले- स्वतंत्र सिनेमा को भी पूरा मौका मिलना चाहिए


रणबीर कपूर की ‘रामायणम्’ के बाद अब फिल्ममेकर विनोद कापड़ी की इंडिपेंडेंट फिल्म ‘पायर’ Oscars की रेस में शामिल हो गई है। महज ₹2.5 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी Oscars 2027 के लिए इंडिपेंडेंट सबमिशन के जरिए भेजा गया है। फिल्म में पहली बार एक्टिंग कर रहे हीरा देवी और पदम सिंह मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। विनोद कापड़ी का कहना है कि इंडिपेंडेंट फिल्मों को भी बड़े मंच पर अपना टैलेंट दिखाने और मुकाबला करने का मौका मिलना चाहिए।
फिल्म को Oscars के लिए भेजने के फैसले पर विनोद कापड़ी ने बातचीत में बताया कि उनका यह कदम सिर्फ अपनी फिल्म को आगे बढ़ाने के लिए नहीं है, बल्कि उन तमाम इंडिपेंडेंट फिल्ममेकर्स के लिए भी है, जो सीमित बजट और कई चुनौतियों के बावजूद अच्छी कहानियां बनाने में जुटे रहते हैं।
इंडिपेंडेंट सबमिशन के जरिए Oscars की रेस में पहुंची ‘पायर’ – विनोद कापड़ी ने बताया कि Oscars में फिल्म को इंडिपेंडेंट सबमिशन के जरिए भेजने का फैसला एक खास सोच के साथ लिया गया है। उनका मानना है कि इंडिपेंडेंट सिनेमा को भी अपनी खूबियों के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर मुकाबला करने का अवसर मिलना चाहिए। फिल्ममेकर ने कहा, ‘हमारा मानना है कि इंडिपेंडेंट सिनेमा को अपनी खूबियों के दम पर मुकाबला करने का अवसर मिलना चाहिए। एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए इंडिपेंडेंट सबमिशन के जरिए आगे बढ़ने का हमारा फैसला इसी सोच का हिस्सा है। यह सिर्फ हमारी फिल्म का सफर नहीं है, बल्कि उन कई इंडिपेंडेंट फिल्म निर्माताओं का भी सफर है जो तमाम मुश्किलों के बावजूद अपनी कहानियां लोगों तक पहुंचाते रहते हैं।’
‘गोंधल’ है Oscars के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री – इस साल मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में Oscars के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री के तौर पर चुना गया है। वहीं, विनोद कापड़ी की ‘पायर’ के अलावा रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायणम्’ और तेजा रियो की नागा भाषा की फिल्म ‘अंग’ को भी स्वतंत्र रूप से Oscars के लिए भेजा गया है। आगामी Oscars समारोह के लिए शॉर्टलिस्ट 15 दिसंबर को जारी की जाएगी, जबकि अंतिम नॉमिनेशन की घोषणा 21 जनवरी 2027 को होगी। ऐसे में अब इन फिल्मों की नजर Oscars की अगली प्रक्रिया पर रहेगी।
‘रामायणम्’ की रिलीज के बाद ‘पायर’ के शो कम होने के आरोप – Oscars की दौड़ में शामिल होने से पहले भी विनोद कापड़ी अपनी फिल्म को लेकर चर्चा में रहे थे। हाल ही में उन्होंने रणबीर कपूर की ‘रामायणम्’ के निर्माताओं पर आरोप लगाया था कि उनकी फिल्म की रिलीज के बाद ‘पायर’ को सिनेमाघरों में पर्याप्त जगह नहीं मिल रही है। शनिवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इस मामले पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। विनोद कापड़ी के मुताबिक, उन्होंने शुरुआत में ‘पायर’ को जानबूझकर सीमित स्तर पर रिलीज किया था और इसके केवल 80 शो रखे गए थे। हालांकि, दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बाद महज 2 से 4 दिनों के भीतर फिल्म के शो बढ़कर 400 से ज्यादा हो गए थे। इस बारे में उन्होंने वीडियो में कहा, ‘मैं यह वीडियो नहीं बनाना चाहता था, लेकिन मजबूरी में मुझे ऐसा करना पड़ा। बात यह है कि जब हमारी फिल्म पायर रिलीज़ हुई, तो हमने जानबूझकर इसे बहुत सीमित स्तर पर रिलीज किया था। हमने केवल 80 शो रखे थे। लेकिन लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया के कारण, रिलीज़ के 2-4 दिनों के भीतर ही हमारी फिल्म के शो बढ़कर 400 से ज्यादा हो गए।’ उन्होंने आगे आरोप लगाया, ‘हालांकि, पिछले दो दिनों में मैंने देखा है कि हमारे 75% से ज्यादा शो कम कर दिए गए हैं। अब ये 100 से भी कम रह गए हैं। थिएटर मालिकों और डिस्ट्रीब्यूटर्स का कहना है कि उन्हें निर्देश दिया गया है कि कोई और फिल्म नहीं दिखाई जाएगी।’
क्या है फिल्म ‘पायर’ की कहानी? – विनोद कापड़ी के निर्देशन में बनी ‘पायर’ उत्तराखंड में रहने वाले एक बुजुर्ग जोड़े की कहानी है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे यह जोड़ा अपने बेटे के घर लौटने का इंतजार कर रहा है। फिल्म में हीरा देवी और पदम सिंह ने मुख्य किरदार निभाए हैं। दोनों कलाकारों ने पहली बार इस फिल्म के जरिए एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा है। ‘पायर’ 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। सीमित बजट में बनी इस फिल्म को अब Oscars के लिए भेजे जाने के बाद एक नई पहचान मिली है। फिल्म के जरिए विनोद कापड़ी ने एक बार फिर इंडिपेंडेंट सिनेमा और छोटी फिल्मों को बड़े मंच पर जगह मिलने की जरूरत का मुद्दा उठाया है।
खूबसूरत सिनेमैटोग्राफी और दमदार परफॉर्मेंस – फिल्म की खास बात इसके कलाकारों की नेचुरल एक्टिंग है। पदम सिंह और हीरा देवी ने पहली बार कैमरे के सामने एक्टिंग किया है, लेकिन दोनों की परफॉर्मेंस कहानी को काफी वास्तविक बनाती है। वहीं, उत्तराखंड के पहाड़ों और गांवों को खूबसूरती से कैमरे में कैद किया गया है। फिल्म में पहाड़ी लोकगीत भी कहानी के माहौल को और प्रभावशाली बनाते हैं। कुल मिलाकर, ‘पायर’ एक ऐसी फिल्म है जो मनोरंजन के साथ-साथ पलायन, बुजुर्गों के अकेलेपन और गांवों के खाली होते जाने जैसे गंभीर मुद्दों पर भी ध्यान खींचती है।