Saturday , March 28 2026 6:21 PM
Home / News / चीनी ड्रैगन से सीधे भिड़ने की तैयारी में अमेरिका, बाइडेन ने बनाया यह खतरनाक गेम प्‍लान

चीनी ड्रैगन से सीधे भिड़ने की तैयारी में अमेरिका, बाइडेन ने बनाया यह खतरनाक गेम प्‍लान


अमेरिकी राष्‍ट्रपति जो बाइडेन इन दिनों अगर रूस को घेरने की नीति बना रहे हैं तो चीन भी उनकी रणनीति से गायब नहीं हुआ है। बाइडेन ने इस बार चीन को सीधी टक्‍कर देने की तैयारी कर ली है। बाइडेन ने अपने कार्यकाल में पहली राष्‍ट्रीय सुरक्षा रणनीति तैयार की है जिसमें चीन को अमेरिका को सबसे बड़ा दुश्‍मन करार दिया गया है। चीन के आक्रामक रवैये का जवाब देने के लिए वह जिस प्‍लान पर काम कर रहे हैं, उसमें उन चीनी कंपनियों पर शिंकजा कसा जा सकेगा जो टेक्‍नोलॉजी से जुड़ी है। यूं तो अमेरिका ने चीन के खिलाफ पहले ही एक छोटे स्‍तर का आर्थिक युद्ध छेड़ रखा है। जानकारों की मानें तो पूर्व राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप की तरफ से जो अस्‍पष्‍टता चीन को घेरने में रह गई थी, बाइडेन उस पर एक स्‍पष्‍ट रवैये के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं।
अमेरिका ने टैरिफ, निर्यात पर नियंत्रण लगाकर, निवेश को ब्‍लॉक करके और वीजा की सीमा के तहत चीन को परेशान करने की कोई कोशिशें की हैं, लेकिन इन सबका कोई ज्‍यादा असर नहीं हो पाया है। शायद अमेरिका चाहता है कि वह कोई ऐसी नीति तैयार करे जिसके बाद चीन अपना रुख बदलने पर खुद-ब-खुद ही मजबूर हो जाए। पूर्व राष्‍ट्रपति ट्रंप की तरफ से कई तरह के नियम और सार्वजनिक बयान जारी किए गए थे जो चीन से जुड़े थे। इन तमाम उपायों से अमेरिका के साथी, दुश्‍मन और यहां तक कि कई कंपनियों को काफी कन्‍फ्यूजन हुआ था।