Sunday , March 8 2026 6:12 PM
Home / Uncategorized / अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव पर नए पोल में डोनाल्ड ट्रंप को झटका, कमला हैरिस ने बनाई बड़ी बढ़त

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव पर नए पोल में डोनाल्ड ट्रंप को झटका, कमला हैरिस ने बनाई बड़ी बढ़त


नए पोल में महिलाओं और हिस्पैनिक (स्पेन मूल और स्पैनिश बोलने वाले देशों के लोग) मतदाताओं के बीच कमला हैरिस को जबरदस्त फायदा मिला है। महिलाओं और हिस्पैनिक मतदाताओ में कमला हैरिस को डोनाल्ड ट्रंप पर 13 अंकों की बढ़त है। वहीं पोल में श्वेत मतदाताओं ने कमला हैरिस के मुकाबले रिपब्लिकन कैंडिडेट ट्रंप को पसंद किया है। ट्रंप श्वेत मतदाताओं और पुरुषों के बीच जुलाई को पोल में भी आगे थे।
आठ दिन तक चले पोल के बाद सामने आए आंकड़े – इस नए पोल को आठ दिनों में आयोजित किया गया। पोल दिखाता है कि हैरिस महिलाओं और हिस्पैनिक लोगों के बीच समर्थन हासिल कर रही हैं। महिला मतदाताओं और हिस्पैनिक मतदाताओं दोनों के बीच हैरिस ने ट्रंप से 36 के मुकाबले 49 प्रतिशत यानी 13 अंकों से बढ़त हासिल की। जुलाई में किए गए चार रॉयटर्स/इप्सोस पोल में हैरिस महिलाओं के बीच नौ अंकों और हिस्पैनिक्स के बीच छह अंकों की बढ़त पर थीं।
अमेरिकी चुनाव पर आए पोल के निष्कर्ष बताते हैं कि राष्ट्रपति पद की दौड़ में जबरदस्त रस्साकशी देखने को मिलने जा रही है। 81 वर्षीय राष्ट्रपति जो बाइडन ने 21 जुलाई को अपना कैंपेन खत्म कर दिया था। बाइडन के सामने ट्रंप भारी पड़ते दिख रहे थे लेकिन हैरिस के कैंडिडेट बनने के बाद चीजें बदली हैं। राष्ट्रीय सर्वेक्षणों और महत्वपूर्ण स्विंग वाले राज्यों में हैरिस ने ट्रंप के खिलाफ बढ़त हासिल कर ली है।