
दुनियाभर के मुसलमान अपना सबसे बड़ा त्योहार ईद अल-फितर मनाने के लिए तैयार हैं। रमजान का पवित्र महीना खत्म हो रहा है और सभी को चांद का इंतजार है। दुनिया के अलग-अलग देशों में ईद की तारीख अलग-अलग है। कहीं यह शुक्रवार तो कहीं शनिवार को मनाई जाएगी। ईद किस दिन मनाई जाएगी यह एक दिन पहले नजर आने वाले चांद पर निर्भर करता है जिसे ‘चांद रात’ भी कहते हैं। भारत में गुरुवार को चांद नजर नहीं आया। अब शुक्रवार शाम को इसका दीदार किया जाएगा। इसका मतलब है कि ईद इसके अगले दिन यानी शनिवार को मनाई जाएगी। तो आइए जानते हैं दुनिया में कौन सा देश किस दिन ईद मना रहा है।
भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी गुरुवार को चांद नजर नहीं आया। देश की मून साइटिंग कमेटी के मौलवियों ने इस्लामाबाद में घोषणा की कि ईद अल-फितर शनिवार को मनाई जाएगी क्योंकि चांद नहीं देखा गया है। वहीं सऊदी अरब में चांद का दीदार कर लिया गया है इसलिए वहां ईद 21 अप्रैल, शुक्रवार को मनाई जाएगी। सऊदी अरब की तरह संयुक्त अरब अमीरात और कतर भी शुक्रवार को ईद मनाएंगे। वहीं ओमान ने शनिवार को ईद की घोषणा की है।
किन देशों में किस दिन ईद? – दूसरे देशों की बात करें तो फिलिपींस, अफगानिस्तान और शिया मुस्लिम देश ईरान और इराक में शनिवार को ईद मनाई जाएगी। वहीं सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाले देश इंडोनेशिया में ईद अल-फितर का त्योहार शुक्रवार से शुरू होगा। जापान और थाईलैंड में भी भारत की तरह ईद शनिवार को मनाई जाएगी। न्यूजीलैंड में गुरुवार को चांद का दीदार किया गया इसलिए देश शुक्रवार को ईद मना रहा है।
अमेरिका में आज ईद – सऊदी अरब और यूएई में लोगों को ईद के मौके पर 4 दिनों की छुट्टी मिल सकती है। अमेरिका में भी शुक्रवार को ही ईद मनाई जा रही है। कनाडा ने शुक्रवार को ईद मनाने की घोषणा की है। मलेशिया, सिंगापुर, उत्तरी अफ्रीकी देश मोरक्को में यह त्योहार शनिवार को मनाया जाएगा। ईद से एक दिन पहले चांद नजर आने और ईद की तारीख का ऐलान मुस्लिम धर्मगुरु करते हैं।
Home / News / ईद अल-फितर आज या कल? पाकिस्तान, सऊदी अरब, यूएई… जानें किस दिन त्योहार मना रहे मुस्लिम देश
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website