
फ्रांस में दिव्यांगजनों के अवकाश गृह में बुधवार को आग लग गयी, जिसके कारण कम से कम नौ लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य लोगों की मौत की भी आशंका जताई जा रही है। बचाव अभियान के प्रमुख ने यह जानकारी दी। अग्निशमन दल की ओर से चलाए जा रहे बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे लेफ्टिनेंट-कर्नल फिलिप हाउविलर ने कहा, ‘‘फिलहाल हम शवों की तलाश कर रहे हैं। दो लोगों के शव अब तक नहीं मिले हैं।”
फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने ट्वीट कर कहा कि वह घटनास्थल की ओर रवाना हो रही हैं। हौट-राइन क्षेत्र के स्थानीय प्रशासन ने कहा कि विंटज़ेनहेम शहर में दिव्यांगजनों के अवकाश गृह में सुबह करीब साढ़े छह बजे आग लग गई, जिसके बाद 17 लोगों को निकाला गया, जिनमें गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फ्रांस के अग्निशमन विभाग ने दमकल की चार गाड़ियों के साथ 76 कर्मियों को तैनात किया गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इस घटना को लेकर ट्वीट किया, ‘‘ इस हादसे के मद्देनजर मेरी संवेदनाएं मृतकों, घायलों और उनके परिवारों के साथ हैं। हमारे सुरक्षा बलों और आपातकालीन सेवाओं को धन्यवाद। ”
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website