Tuesday , October 27 2026 8:26 PM
Home / Entertainment / Dwayne Johnson को पहचानना मुश्‍क‍िल! ‘लिजर्ड म्यूजिक’ के सेट से आई तस्‍वीर, फैंस बोले- भाई ये तो ऑस्‍कर लायक है

Dwayne Johnson को पहचानना मुश्‍क‍िल! ‘लिजर्ड म्यूजिक’ के सेट से आई तस्‍वीर, फैंस बोले- भाई ये तो ऑस्‍कर लायक है


हॉलीवुड स्टार ड्वेन जॉनसन अपनी अपकमिंग फिल्म ‘लिजर्ड म्यूजिक’ में 70 साल के बुजुर्ग ‘चिकन मैन’ के किरदार में नजर आएंगे। उनके बदले हुए लुक ने फैंस को हैरान कर दिया है। ऑस्कर विजेता मेकअप आर्टिस्ट काज़ू हिरो ने उनके इस ट्रांसफॉर्मेशन को तैयार किया है।
‘द रॉक’ के नाम से मशहूर हॉलीवुड स्टार ड्वेन जॉनसन अपने दमदार शरीर और एक्शन अवतार के लिए सुर्खियों में बने रहता हैं। लेकिन इस बार उनका ऐसा लुक सामने आया है, जिसे देखकर फैंस के लिए उन्हें पहचानना मुश्किल हो गया। अपनी अपकमिंग फैंटेसी एडवेंचर फिल्म ‘लिजर्ड म्यूजिक’ में ड्वेन 70 साल के एक बूढ़े व्यक्ति के किरदार में नजर आएंगे। जबकि उनकी असली उम्र 54 साल है। न्यूयॉर्क में फिल्म की शूटिंग के दौरान सामने आई उनकी तस्वीरों में ग्रे विग, सफेद बाल और खास मेकअप की मदद से उनका लुक पूरी तरह बदला हुआ दिखाई दे रहा है, जो चौंकाने वाला है।
डायरेक्टर बेनी सफ्दी के निर्देशन में बन रही ‘लिजर्ड म्यूजिक’ डैनियल पिंकवाटर के 1976 में प्रकाशित बच्चों के नोवल पर बेस्ड है। फिल्म में ड्वेन जॉनसन ‘चिकन मैन’ नाम के एक अनोखे बुजुर्ग का किरदार निभा रहे हैं, जिसका सबसे अच्छा दोस्त एक मुर्गा है। उनके इस लुक को ऑस्कर विजेता मेकअप आर्टिस्ट काज़ू हिरो ने तैयार किया है। यह फिल्म अगले साल क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
‘लिजर्ड म्यूजिक’ में ड्वेन जॉनसन को पहचानना हुआ मुश्किल – न्यूयॉर्क में फिल्म की शूटिंग के दौरान ड्वेन जॉनसन की कुछ तस्वीरें ऑनलाइन सामने आई हैं। इनमें वह बेज रंग की जैकेट, बकेट हैट, नीली शर्ट और प्रिंटेड टाई पहने दिखाई दे रहे हैं। ग्रे विग, चेहरे पर सफेद बाल और प्रोस्थेटिक मेकअप की मदद से उन्हें उम्रदराज दिखाया गया है। उनका यह अंदाज उनके आम एक्शन हीरो वाले लुक से बिल्कुल अलग है। तस्वीरों में वह अपने युवा को-स्टार थियो लेबर के साथ चलते हुए भी नजर आए।
ड्वेन जॉनसन के लुक पर फैंस ने दिए मजेदार रिएक्शन – ड्वेन जॉनसन का बदला हुआ लुक सामने आते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर हैरानी जताई। एक यूजर ने मजाक में लिखा, ‘मुझे लगा कि यह मॉर्गन फ्रीमैन की बायोपिक है।’ वहीं, दूसरे यूजर ने उनकी एक्टिंग की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्हें ड्वेन की एक्टिंग रेंज देखना पसंद है। एक अन्य कमेंट में कहा गया कि लगता है ड्वेन सच में ऑस्कर जीतना चाहते हैं। इन प्रतिक्रियाओं से साफ है कि उनका यह नया अवतार लोगों का ध्यान खींच रहा है।
बेनी सफ्दी के साथ फिर काम कर रहे हैं ड्वेन जॉनसन – ‘लिजर्ड म्यूजिक’ में ड्वेन जॉनसन एक बार फिर निर्देशक बेनी सफ्दी के साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों ने स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘द स्मैशिंग मशीन’ (2025) में साथ काम किया था। ड्वेन जॉनसन के मुताबिक, उसी फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद बेनी ने उन्हें ‘लिजर्ड म्यूजिक’ का आइडिया सुनाया था। करीब 45 मिनट तक कहानी सुनने के बाद ड्वेन जॉनसन ने कहा कि वह इस फिल्म में ‘चिकन मैन’ का किरदार निभाना चाहते हैं।
क्या है ‘चिकन मैन’ की कहानी? – इसकी कहानी एक छोटे लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जो देर रात टेलीविजन देखते हुए कुछ अनोखे छिपकली जैसे संगीतकारों को देखता है। इसके बाद उसकी मुलाकात एक अजीबोगरीब बुजुर्ग व्यक्ति से होती है, जिसके साथ एक मुर्गा रहता है। ड्वेन जॉनसन इसी बुजुर्ग का किरदार निभा रहे हैं, जिसे ‘चिकन मैन’ कहा जाता है। अभिनेता ने अपने किरदार को करीब 70 साल के एक अनोखे और सनकी व्यक्ति के रूप में बताया है।
ऑस्कर विजेता मेकअप आर्टिस्ट ने तैयार किया लुक – ड्वेन जॉनसन के इस ट्रांसफॉर्मेशन को ऑस्कर विजेता मेकअप आर्टिस्ट काजू हिरो ने तैयार किया है। वह ‘डार्केस्ट आवर’ में गैरी ओल्डमैन को विंस्टन चर्चिल जैसा लुक देने और ‘बॉम्बशेल’ में चार्लीज थेरॉन को पत्रकार मेगिन केली जैसा दिखाने के लिए जाने जाते हैं। हिरो ने ‘द स्मैशिंग मशीन’ में भी ड्वेन के साथ काम किया था, जहां उन्होंने अभिनेता को बॉक्सर मार्क केर के रूप में ढालने के लिए प्रोस्थेटिक मेकअप तैयार किया था।
फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार – ‘लिजर्ड म्यूजिक’ में ड्वेन जॉनसन के अलावा रेचल मैकएडम्स, कोलमैन डोमिंगो, जेफ गोल्डब्लम, एलिसिया सिल्वरस्टोन और रेजिना हॉल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म अगले साल क्रिसमस के दिन सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अपने अनोखे कॉन्सेप्ट और ड्वेन के बिल्कुल अलग अवतार के कारण यह फिल्म अभी से दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।