Saturday , March 28 2026 4:43 PM
Home / News / उत्तर कोरिया की नई मिसाइल कितनी खतरनाक, जापान ने अपने नागरिकों को बंकर में क्यों भेजा, जानें सब कुछ

उत्तर कोरिया की नई मिसाइल कितनी खतरनाक, जापान ने अपने नागरिकों को बंकर में क्यों भेजा, जानें सब कुछ


उत्तर कोरिया ने अपने हथियारों का परीक्षण जारी रखते हुए गुरुवार को एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल दागी। यह बैलिस्टिक मिसाइल कोरियाई प्रायद्वीप और जापान के बीच जाकर गिरी। इस घटना पर जापान और दक्षिण कोरिया ने कहा कि उत्तर कोरिया ने संभवत नई तरह की अधिक शक्तिशाली मिसाइल का परीक्षण किया है, जिसके बारे में पता लगाना कहीं ज्यादा मुश्किल है। इस मिसाइल की ताकत का अंदाजा लगाते हुए जापान ने परीक्षण की सूचना मिलते ही अपने एक द्वीप के निवासियों को एहतियातन सुरक्षित जगहों पर जाने का निर्देश दिया था। हालांकि, बाद में इस आदेश को वापस ले लिया गया।
1000 किमी दूर गिरी उत्तर कोरिया कि मिसाइल – दक्षिण कोरिया के ‘ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ ने एक बयान जारी कर कहा कि उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग के पास से ऊंचाई से दागी गई यह मिसाइल एक हजार किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद कोरियाई प्रायद्वीप और जापान के बीच समुद्र में गिरी। बयान में इस मिसाइल को मध्यम या लंबी दूरी का हथियार बताया गया है। वहीं, अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इसे लंबी दूरी की मिसाइल बताया, जबकि जापान ने कहा कि उत्तर कोरिया ने संभवत: अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल का परीक्षण किया है।