Saturday , March 28 2026 4:46 AM
Home / News / अगर कोई मानने को तैयार नहीं… बिलावल भुट्टो ने पाकिस्तान में नई सरकार पर दिया बड़ा संकेत

अगर कोई मानने को तैयार नहीं… बिलावल भुट्टो ने पाकिस्तान में नई सरकार पर दिया बड़ा संकेत


पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेता बिलावल भुट्टो ने कहा है कि अगर कोई अपना रुख बदलने के लिए तैयार नहीं है तो उन्हें पाकिस्तान में गठबंधन सरकार बनने में गतिरोध की आशंका है। मंगलवार को आया बिलावनल का ये बयान देश के राजनीतिक परिदृश्य में गहराती दरार का संकेत देता है। बिलावल की यह टिप्पणी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) और पीपीपी के शीर्ष नेताओं के बीच सोमवार को हुई नवीनतम दौर की बातचीत बेनतीजा समाप्त होने के एक दिन बाद आई है। आठ फरवरी के चुनाव में खंडित जनादेश के बाद केंद्र में गठबंधन सरकार बनाने के लिए दोनों पक्षों के बीच सत्ता-साझा करने के मुद्दे पर अभी तक आम सहमति नहीं बन पाई है।
पीपीपी पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पीएमएल-एन को समर्थन देने के लिए राष्ट्रपति, सीनेट अध्यक्ष और नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जैसे प्रमुख संवैधानिक पदों की कथित तौर पर मांग कर रही है। डॉन की खबर के अनुसार, बिलावल ने उच्चतम न्यायालय में पत्रकारों से कहा कि पीपीपी और वह अपने रुख पर अड़े हुए हैं और इस बात पर जोर दिया वह इसे किसी भी कीमत पर नहीं बदलेंगे। बिलावल ने कहा, अगर कोई और अपना रुख बदलना चाहता है, तो प्रगति हो सकती है। यदि वे इसे बदलने के लिए तैयार नहीं हैं, तो मुझे गतिरोध की आशंका है। इससे लोकतंत्र या संसदीय प्रणाली को कोई लाभ नहीं होगा। अगर मैं पीएमएल-एन को वोट दूंगा तो मैं वह अपनी शर्तों पर दूंगा।